PSL vs IPL: फिर IPL से टकराएगा PSL, 2027 में भी नहीं बदलेगी तारीखों की कहानी
Sports News: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का 12वां सीजन एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के साथ टकराने जा रहा है।
PSL 2027 का आयोजन 18 मार्च से 2 मई तक होगा। यह लगातार तीसरा साल होगा, जब पाकिस्तान की टी20 लीग की तारीखें IPL की विंडो से टकराएंगी।
PSL की शुरुआत 2016 में हुई थी और 2024 तक इसका आयोजन आमतौर पर फरवरी-मार्च में होता रहा।
हालांकि, ICC के बड़े टूर्नामेंटों के कारण 2025 से लीग को अप्रैल-मई की विंडो में शिफ्ट किया गया।
2025 में पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 में भारत-श्रीलंका में टी20 वर्ल्ड कप के कारण शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा।
जनवरी-फरवरी में कराने पर क्यों नहीं बनी बात?
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, PCB और PSL फ्रेंचाइजियों ने पिछले महीने हुई गवर्निंग काउंसिल की बैठक में टूर्नामेंट को जनवरी-फरवरी में कराने के विकल्प पर चर्चा की थी।
PSL के मीडिया राइट्स 2029 तक रखने वाली कंपनी Walee Technologies मौजूदा विंडो से संतुष्ट नहीं है।
कंपनी का तर्क है कि रमजान के बाद PSL होने से ब्रॉडकास्टिंग रेवेन्यू प्रभावित होता है। रमजान के दौरान कई विज्ञापनदाता अपना मार्केटिंग और टीवी विज्ञापन बजट खर्च कर देते हैं।

ऐसे में रमजान के बाद होने वाले टूर्नामेंट में ब्रॉडकास्टर्स के पास विज्ञापन से कमाई के सीमित अवसर रह जाते हैं।
2027 में रमजान फरवरी की शुरुआत से मार्च की शुरुआत तक रहने की संभावना है। ऐसे में जनवरी-फरवरी की विंडो में PSL का आखिरी चरण रमजान के दौरान पड़ सकता था।
कोहरा और ठंड भी बड़ी वजह
जनवरी-फरवरी की विंडो को लॉजिस्टिक लिहाज से भी मुश्किल माना गया। PSL के चार पारंपरिक वेन्यू में से तीन पंजाब में हैं—लाहौर, मुल्तान और रावलपिंडी।
इस दौरान कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी की समस्या सामने आ सकती है।
गवर्निंग काउंसिल की बैठक में नई विंडो पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद PCB ने सभी आठ फ्रेंचाइजियों से ईमेल के जरिए उनकी पसंद पूछी।
रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर फ्रेंचाइजियों ने मार्च-मई की विंडो के पक्ष में वोट किया। इसके बाद 18 मार्च से 2 मई तक PSL 2027 कराने का फैसला किया गया।
पाकिस्तान में ही होंगे मुकाबले
PCB की ओर से जारी मीडिया रिलीज में 2027 सीजन के वेन्यू का जिक्र नहीं किया गया है। 2020 से PSL का आयोजन पूरी तरह पाकिस्तान में हो रहा है। इससे पहले मुकाबले पाकिस्तान के अलावा UAE में भी खेले जाते थे।
अब तक कराची, लाहौर, मुल्तान और रावलपिंडी PSL के प्रमुख वेन्यू रहे हैं। पिछले साल फैसलाबाद और पेशावर को भी नए वेन्यू के तौर पर जोड़ा गया था।
हालांकि वेस्ट एशिया संकट के बाद सरकार के फ्यूल-प्रिजर्वेशन उपायों के चलते PSL 11 को सिर्फ लाहौर और कराची तक सीमित करना पड़ा था।
उस सीजन में फाइनल को छोड़कर बाकी मुकाबले खाली स्टेडियम में खेले गए थे।
PSL 2027 का मार्च से मई तक का शेड्यूल एक बार फिर इसे IPL की विंडो के करीब ले आया है।
ऐसे में दोनों प्रमुख टी20 लीगों के बीच खिलाड़ियों, दर्शकों और प्रसारण बाजार को लेकर टकराव एक बार फिर चर्चा में रहेगा।
Also Read: ‘कम खेलोगे तो चोट का खतरा बढ़ेगा…’, हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर कपिल देव की दो टूक

