राहुल गांधी ने किया UGC-NET पेपर लीक का दावा – ‘₹2.25 लाख में बिकी PDF, 90 सवाल परीक्षा में आए’

UGC NET Sociology Paper Leak Allegations: UGC-NET जून 2026 परीक्षा एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार समाजशास्त्र (Sociology) विषय के प्रश्नपत्र को लेकर पेपर लीक के आरोप लगाए गए हैं। दावा है कि परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक PDF में मौजूद कई सवाल वास्तविक परीक्षा में पूछे गए। इन आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की परीक्षा प्रणाली पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए केंद्र सरकार और NTA पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परीक्षा से पहले 100 पन्नों की एक PDF प्रसारित हुई थी, जो कथित तौर पर प्रश्नपत्र तैयार करने से जुड़ी थी। उनके मुताबिक, उस PDF के करीब 90 सवाल Sociology के वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह कथित PDF बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में 2.25 लाख रुपये में बेची जा रही थी।

कुछ अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों का दावा है कि समाजशास्त्र विषय के कई प्रश्न परीक्षा से पहले उपलब्ध दस्तावेजों से मेल खाते हैं। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में भी कथित पेपर लाखों रुपये में बेचे जाने का दावा किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

NTA की ओर से नहीं आया जवाब

फिलहाल NTA ने UGC-NET 2026 के सोशियोलॉजी पेपर लीक के आरोपों पर कोई अंतिम आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो देश की प्रमुख पात्रता परीक्षाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी UGC-NET जून 2026 परीक्षा को लेकर कई अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र में टाइपिंग की गलतियां, हिंदी अनुवाद की त्रुटियां और पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न पूछे जाने जैसी शिकायतें दर्ज कराई थीं।

Also Read: हाथ जोड़कर केजरीवाल की पीएम मोदी से अपील, E20 पर जिद छोड़ने को कहा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.