राहुल गांधी ने दिशा बैठक में दिखाई गड्ढों वाली सड़कों की फोटो, अधिकारियों से मांगा जवाब

Rahul Gandhi: लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक में क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी सड़कों की गड्ढों वाली तस्वीरें अधिकारियों के सामने रखीं और उनसे जवाब मांगा।

दिशा समिति के नामित सदस्य उमेश बहादुर सिंह उर्फ बबलू सिंह के मुताबिक, राहुल गांधी ने कई सड़कों के नाम भी बताए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि इन सड़कों पर गड्ढे क्यों हैं और इन्हें दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

कार्यदायी संस्था की पहचान पर जोर

उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि राहुल गांधी ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाना चाहिए कि कौन सी सड़क किस कार्यदायी संस्था ने बनाई है। बैठक में पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता ने भरोसा दिया कि सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराई जाएगी।

बैठक में उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद राहुल गांधी बिना मीडिया से बात किए वहां से चले गए। मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ रायबरेली को मिल रहा है।

लोगों से मिले राहुल गांधी

अपने रायबरेली दौरे के दूसरे और अंतिम दिन राहुल गांधी ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में कांग्रेस पदाधिकारियों और कई संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। अमेठी और सुलतानपुर से भी बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुनील सिंह भदौरिया के अनुसार, राहुल ने लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। उनके मुताबिक, राहुल ने करीब तीन करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया।

दिशा बैठक से पहले सपा विधायकों राहुल लोधी और श्याम सुंदर भाटी ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। पोस्टरों में स्कूल बंद होने, कथित भू-माफिया कब्जे, झूठे मामलों, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और खराब बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दे उठाए गए।

Also Read: Bigg Boss 20: काजी तौकीर के सपोर्ट में उतरे अरिजीत सिंह, बोले- पहली बार देखूंगा शो 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.