स्टूडेंट, ईडियट और अंधभक्त… राहुल गांधी ने लोकसभा में गिनाईं तीन कैटेगरी, मचा बवाल

Rahul Gandhi: संसद के मॉनसून सत्र के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने कहा कि सड़कों पर उतरे युवाओं को देखकर उन्हें देश के भविष्य पर भरोसा बढ़ा है। उनके अनुसार यह प्रदर्शन गुस्से, हिंसा या नफरत का नहीं, बल्कि युवाओं की भावनाओं की अभिव्यक्ति था। राहुल गांधी ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को इस भावना का सम्मान करना चाहिए और दावा किया कि भाजपा नेताओं के बच्चे भी छात्रों के समर्थन में होंगे।

छात्रा से बातचीत का किया जिक्र 

राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने एक छात्रा से पूछा कि ‘छात्र’ होने का वास्तविक अर्थ क्या है। उनके मुताबिक छात्रा ने जवाब दिया कि छात्र वह होता है जिसका दिमाग और दिल दोनों खुले होते हैं। वह मानता है कि उसे सब कुछ नहीं पता और वह लगातार सीखने के लिए तैयार रहता है। छात्र सच्चाई की तलाश करता है और विनम्रता उसके सबसे बड़े गुणों में होती है।

इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने छात्रा से दूसरी और तीसरी श्रेणी के बारे में पूछा। उनके अनुसार छात्रा ने दूसरी कैटेगरी को ‘ईडियट’ बताया, जो अपनी झूठी छवि बनाने में लगा रहता है। तीसरी कैटेगरी पर राहुल गांधी ने ‘अंधभक्त’ का जिक्र किया और कहा कि छात्रा के अनुसार अंधभक्त वह होता है, जिसे विश्वास हो जाता है कि दूसरा ‘ईडियट’ ही भगवान है। इस टिप्पणी के बाद लोकसभा में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। सत्ता पक्ष के सांसदों ने ‘ईडियट’ शब्द को कार्यवाही से हटाने की मांग की।

पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर जारी है सियासी टकराव

विपक्ष दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग कर रहा है। वहीं सरकार पेपर लीक रोकने के लिए पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) अमेंडमेंट बिल, 2026 पर चर्चा कर रही है। प्रस्तावित कानून में पेपर लीक के दोषियों के लिए 5 से 10 साल तक की जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान रखा गया है। संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चलेगा, जिसमें कुल 19 बैठकें निर्धारित हैं।

Also Read: इंदिरा का नाती बड़ा उत्पाती, अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के बहाने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.