राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दिया बड़ा संदेश, पीओके के लोगों को बताया भाई
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को फिर सख्त चेतावनी दी है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि आतंकवाद फैलाने वालों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती पर गर्व जताया। इसी दौरान उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) का भी जिक्र किया और वहां के लोगों को लेकर बड़ा संदेश दिया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पीओके के लोग हमारे अपने ही हैं, उन्हें केवल भटकाया जा रहा है। पीओके हमारा हिस्सा है और उनका भारत से जुड़ाव फिर से मजबूत होगा। उन्होंने इसे महाराणा प्रताप और उनके छोटे भाई शक्ति सिंह के रिश्ते से जोड़कर बताया। जैसे शक्ति सिंह भले ही कुछ समय के लिए अलग हो गए थे, पर वे अपने बड़े भाई के पास लौट आए थे, ठीक वैसे ही पीओके भी आखिरकार भारत के साथ जुड़ जाएगा।
रक्षा मंत्री ने साफ कहा कि अब पाकिस्तान के साथ चर्चा का केंद्र आतंकवाद होगा। आतंकवाद को बढ़ावा देना अब उनके लिए महंगा पड़ रहा है और पाकिस्तान को इसका एहसास हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के तहत हम प्रतिबद्ध हैं कि पीओके के लोग भी मुख्यधारा में लौटेंगे और कहेंगे- ‘मैं भारत हूँ, मैं भारत का ही हिस्सा हूँ।’
Also Read: ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान की साजिश को किया बेनकाब: पीएम मोदी

