नए साल में बदल सकता है नोटों का रंग-रूप! RBI ला रहा प्लास्टिक करेंसी, ATM भी होंगे अपडेट

Polymer Notes: अगर योजना के मुताबिक सब कुछ हुआ तो अगले वित्त वर्ष की शुरुआत में लोगों के हाथों में पॉलिमर यानी प्लास्टिक नोट नजर आ सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, इन्हें लागू करने से पहले सुरक्षा जांच और तकनीकी बदलाव जैसी कई प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया था कि शुरुआत में पॉलिमर नोटों का पायलट परीक्षण किया जाएगा। सफल रहने पर इसे आगे बढ़ाया जाएगा। उनके मुताबिक पॉलिमर पेपर के लिए टेंडर मंगाया गया है। इसके बाद नोट की टेस्टिंग और सुरक्षा मंजूरियों समेत कई चरण पूरे किए जाएंगे।

ATM में बदलनी पड़ेगी कैश कैसेट

एक सरकारी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक पॉलिमर नोटों के लिए ATM की कैश कैसेट में बदलाव करना होगा। मौजूदा मशीनों में बिना बदलाव के इन नोटों को रखना संभव नहीं होगा। इससे बैंकों पर अतिरिक्त खर्च आएगा। अभी इसका सटीक अनुमान तय नहीं हुआ है।

बैंकर के अनुसार एक ATM बदलने में करीब 2 लाख रुपये खर्च हो सकते हैं, जबकि केवल कैसेट बदलने की लागत इससे कम होगी। उन्होंने कहा कि भारत में फिलहाल ऐसी कैसेट बनाने वाली कंपनी की जानकारी नहीं है, इसलिए इन्हें कहां से मंगाया जाए, इस पर चर्चा करनी होगी। पहले नोटों का आकार बदलने पर भी बैंकों को ATM कैसेट बदलने में करीब एक साल लगा था।

ज्यादा चलेगा नोट, बढ़ेगी क्षमता

पॉलिमर नोटों का बड़ा फायदा इनकी लंबी उम्र है। खासकर कम मूल्य के नोट ज्यादा इस्तेमाल होने से जल्दी खराब होते हैं। कई देशों में इनका इस्तेमाल करीब 30 साल से हो रहा है और ये कागजी नोटों की तुलना में तीन-चार गुना ज्यादा चलते हैं। RBI का मानना है कि इससे नोटों की क्षमता और प्रबंधन बेहतर करने में मदद मिलेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.