रोहित शर्मा बने दुनिया के सबसे उम्रदराज नंबर-1 वनडे बल्लेबाज, ICC रैंकिंग में पहली बार शीर्ष स्थान हासिल
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में शानदार पारियां खेलने के बाद बल्लेबाजों की नवीनतम आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल करके इतिहास रच दिया है। 38 वर्षीय रोहित शर्मा यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं।
रोहित शर्मा ने एडिलेड में 73 रन की पारी खेलने के बाद सिडनी में नाबाद 121 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में 2 स्थान ऊपर चढ़कर शीर्ष पर पहुँचे हैं। उन्होंने इस लिस्ट में अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान और भारतीय टीम के अपने साथी शुभमन गिल को पीछे छोड़ा है। सिडनी में रोहित ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (74*) के साथ अटूट साझेदारी करते हुए भारत को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई थी।
गेंदबाज और ऑलराउंडर रैंकिंग में भी उछाल
रोहित के अलावा, स्पिनर अक्षर पटेल को भी सिडनी में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। अक्षर पटेल वनडे गेंदबाजों की सूची में 6 पायदान की छलांग लगाकर 31वें स्थान पर पहुँचे हैं। वनडे ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में वह 4 पायदान के सुधार के साथ 8वें स्थान पर आ गए हैं।
वनडे गेंदबाजों की सूची में न्यूजीलैंड के स्पिनर मिशेल सेंटनर 3 पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर, जबकि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड 2 पायदान ऊपर 8वें स्थान पर आ गए हैं।
टेस्ट रैंकिंग में साउथ अफ्रीकी स्पिनरों का जलवा
रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ साउथ अफ्रीका की 8 विकेट से जीत के बाद नवीनतम टेस्ट रैंकिंग में भी बदलाव आया है। साउथ अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर केशव महाराज 9 विकेट लेने के बाद टेस्ट गेंदबाजों की सूची में 9 पायदान ऊपर चढ़कर 13वें स्थान पर पहुँच गए हैं। उनके साथी साइमन हार्मर उसी मैच की दूसरी पारी में 6 विकेट लेने के बाद 26 पायदान ऊपर चढ़कर 45वें स्थान पर आ गए हैं।
Also Read: Lucknow News: AI चैटबॉट से प्रभावित होकर युवक ने दी जान, कंपनी पर उकसाने का आरोप

