संजय राउत ने सुप्रीम कोर्ट और CJI से बिना शर्त मांगी माफी, बोले- टिप्पणियों पर पछतावा है

Sandesh Wahak Digital Desk: शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने सुप्रीम कोर्ट और भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) से अवमानना मामले में बिना शर्त माफी मांग ली है। शीर्ष अदालत में दाखिल अपने माफीनामे में राउत ने कहा है कि वह स्वेच्छा से और बिना किसी दबाव के माफी मांग रहे हैं। उन्हें अपनी टिप्पणियों पर गहरा पछतावा है और वह किसी भी तरह से अपने बयानों का बचाव या उन्हें सही ठहराने की कोशिश नहीं कर रहे हैं।

न्यायपालिका के प्रति जताया सम्मान

संजय राउत ने कहा कि उनके मन में न्यायपालिका और सर्वोच्च अदालत के प्रति अटूट सम्मान है। न्यायपालिका देश में कानून का शासन बनाए रखने, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने और नागरिकों के अधिकारों को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्वीकार किया कि सार्वजनिक मंचों से न्यायपालिका के विषय में बोलते समय अत्यधिक सावधानी और जिम्मेदारी बरतनी चाहिए। उन्होंने अदालत से वादा किया है कि वह भविष्य में अधिक संयम दिखाएंगे और सोच-समझकर बयान देंगे। राउत ने शीर्ष अदालत से अनुरोध किया है कि उनकी बिना शर्त माफी को स्वीकार करते हुए अवमानना नोटिस और कार्यवाही को यहीं समाप्त किया जाए।

गौरतलब है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने न्यायपालिका और CJI के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए संजय राउत को 17 नवंबर को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था। इस मामले की सुनवाई के बाद राउत ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए तय तिथि पर शीर्ष अदालत के समक्ष उपस्थित रहेंगे।

Also Read: UP में अविवाहित बहन को पारिवारिक पेंशन देने से इनकार गलत, हाईकोर्ट ने सुनाया फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.