संतकबीरनगर में दर्दनाक हादसा, घर के बाहर बैठे परिवार को ट्रक ने रौंदा, पति-पत्नी समेत 4 की मौत
Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खलीलाबाद के कुर्थिया चौराहे पर घर के बाहर चारपाई पर बैठे एक परिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो मासूम नातियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई झपकी मानी जा रही है। पुलिस ट्रक नंबर के आधार पर चालक और मालिक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) स्थित कुर्थिया चौराहे पर रहने वाले 62 वर्षीय लालजी अपनी पत्नी ज्ञानमती (60) के साथ सोमवार सुबह घर के बाहर चारपाई पर बैठे थे। उनके साथ दो नाती—12 वर्षीय आदर्श और 6 वर्षीय सत्यम भी मौजूद थे।

सुबह करीब आठ बजे खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आ गई, जिससे ट्रक सड़क से उतरकर सीधे परिवार के ऊपर चढ़ गया। चारों को कुचलने के बाद ट्रक आगे जाकर गड्ढे में उतर गया।
ट्रक के नीचे फंसे शव, मच गई अफरा-तफरी
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पहुंचे। ट्रक के नीचे फंसे शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
फरार चालक की तलाश में पुलिस
पुलिस के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे (Sant Kabir Nagar Accident) के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक ही पल में परिवार की चार जिंदगियां खत्म होने से गांव के लोग भी सदमे में हैं।
Also Read: गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी अनियंत्रित डबल डेकर बस, 2 की मौत

