UP में एक और पति की बेरहमी से हत्या, पत्नी ने दबाया मुंह, प्रेमी ने गमछे से घोंट दी सांसें

Jaunpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक दिल दहला देने वाली हत्या का खुलासा हुआ है। बदलापुर कस्बे के वार्ड नंबर-8 में रहने वाले 27 वर्षीय पल्लेदार संदीप उर्फ चंद्रीप की हत्या उसकी पत्नी वंदना और उसके प्रेमी राजेश ने मिलकर की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को पूरी साजिश के तहत अंजाम दिया गया। हत्या के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई, लेकिन पड़ोस की महिलाओं की सतर्कता से पूरा मामला खुल गया।

पुलिस ने आरोपी पत्नी वंदना और उसके प्रेमी राजेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

ऐसे रची गई हत्या की साजिश

थानाध्यक्ष फूलचंद्र पांडेय के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे पिछले चार वर्षों से संपर्क में थे। राजेश रिश्ते में वंदना का ममेरा भाई लगता है और शादी के बाद वह संदीप के घर के पास किराये पर रहने लगा था।

पुलिस के अनुसार, हत्या वाली रात वंदना ने पहले पति का मुंह दबाया, जबकि राजेश उसके सीने पर बैठ गया और नीले रंग के गमछे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी।

सुबह गोबर से लिपाई कर मिटाने लगी सबूत

हत्या के बाद राजेश अपने घर लौट गया, जबकि वंदना ने घर की गोबर से लिपाई कर सबूत मिटाने की कोशिश की। इसके बाद उसने अपने बुजुर्ग ससुर से संदीप को जगाने के लिए कहा, ताकि मौके पर उनके पैरों के निशान पड़ जाएं और मामला सामान्य मौत लगे।

शुरुआत में परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा, लेकिन पड़ोस की महिलाओं की नजर संदीप के गले पर पड़े निशानों पर गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और जांच में पूरी साजिश सामने आ गई।

प्रेम संबंध का विरोध करता था संदीप

पुलिस जांच में पता चला कि संदीप को पत्नी और राजेश के संबंधों की जानकारी थी और वह इसका विरोध करता था। इसी वजह से दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

इस वारदात ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। पिता की हत्या और मां के जेल जाने के बाद दो छोटे बच्चों का भविष्य अनिश्चित हो गया है। संदीप परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। अब बुजुर्ग पिता लालजी पर ही बच्चों और परिवार की जिम्मेदारी आ गई है।

Also Read: Lucknow: 16 वर्षीय लड़की से रेप, 3 दिन तक बंधक बनाकर 70 साल के बुजुर्ग ने की दरिंदगी, 5 आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.