यूपी में कायम है जंगलराज, अजय राय ने योगी सरकार पर साधा निशाना
Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को बस्ती और अयोध्या का दौरा किया। सबसे पहले वह बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय के आवास पर पहुंचकर उनके बेटे शिवांश पाण्डेय के सड़क हादसे में हुए निधन पर दुख जताया। उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

इसके बाद अजय राय अयोध्या पहुंचे। बीकापुर के दशरथपुर चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह घेवना चौराहा स्थित सीएल गेस्ट हाउस और हैदरगंज बाजार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए।
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
कार्यकर्ता सम्मेलन में अजय राय ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ब्राह्मण समुदाय के लोगों की हो रही हत्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में जंगलराज कायम है। उनका आरोप है कि सरकार कानून-व्यवस्था बेहतर होने का दावा करती है, जबकि हत्या, बलात्कार, लूट और डकैती की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
अजय राय ने राम मंदिर में दान और चढ़ावे की चोरी के आरोपों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है।
हनुमानगढ़ी और रामलला के किए दर्शन
अयोध्या प्रवास के दौरान अजय राय ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमान जी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि पहुंचकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

