Siddharthanagar News: 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, जनपद न्यायाधीश ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
Siddharthanagar News: आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर सोमवार को जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन रवाना किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी देने और लंबित मामलों के निस्तारण के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार वाहन निकाला गया।
जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
इस दौरान पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण अरविंद कुमार राय, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अखिलेश कुमार पाण्डेय समेत अन्य न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारी, बैंक अधिकारी-कर्मचारी और आम लोग मौजूद रहे।
सुबह 10 बजे से होगी लोक अदालत
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र नाथ ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोजित होगी।
इसका आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर सिद्धार्थनगर, बाह्य न्यायालय बांसी और डुमरियागंज, ग्राम न्यायालय इटवा, कलेक्ट्रेट भवन, सहायक श्रमायुक्त न्यायालय और जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर किया जाएगा।
लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर विभिन्न मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इनमें दीवानी वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, शमनीय आपराधिक मामले, राजस्व एवं चकबंदी वाद, बैंक रिकवरी, चेक बाउंस, विद्युत एवं जल बिल, यातायात चालान, भूमि अधिग्रहण, सर्विस मैटर और मनरेगा से जुड़े मामले शामिल हैं।
प्री-लिटिगेशन मामलों का भी होगा निस्तारण
सचिव ने बताया कि बैंक अधिकारियों के सहयोग से बैंक ऋण वसूली से जुड़े प्री-लिटिगेशन मामलों का भी आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
राजस्व और चकबंदी मामलों का निस्तारण संबंधित न्यायालयों में राजस्व अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे अपने लंबित वाद को सुलह-समझौते के आधार पर राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित कराना चाहते हैं तो संबंधित न्यायालय के पीठासीन अधिकारी या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क करें और अपने वाद को लोक अदालत के लिए नियत कराएं।

