Siddharthnagar News: पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार, लाखों की चोरी का माल बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना सिद्धार्थनगर और थाना मोहाना की संयुक्त टीम ने पांच सक्रिय नकबजनों को गिरफ्तार कर चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं का खुलासा किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात, एक मोटरसाइकिल और ₹20,000 नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस टीम मंगलवार को बांसी स्टैंड के पिंक बूथ पर मौजूद थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ वांटेड अपराधी भारत माता तिराहे के पास एक निर्माणाधीन मकान में छिपे हुए हैं।
संयुक्त टीम ने तुरंत घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए अपराधियों में मोहम्मद शमशाद, तौफीक अहमद, शहजाद अहमद, लड्डू और सदरे आलम शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं और चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे।

बरामद माल का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चार अंगूठियां, तीन मांग टीका, दो लॉकेट, एक नाक की कील, दो कर्धनी, तीन जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, ₹20,000 नकद, दो मोबाइल फोन और एक बिना नंबर की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ कई थानों में चोरी और नकबजनी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद, थानाध्यक्ष रोहित उपाध्याय और उनकी टीमों का अहम योगदान रहा।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: बाराबंकी: रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में छात्रों पर लाठीचार्ज,…

