Siddharthnagar News: 238 शीशी कोडीन सिरप-500 नशीली टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिला 10 हजार का इनाम
बांसी में पुलिस की कार्रवाई, नशीली दवाएं मुंबई भेजने की थी तैयारी, जुनैद की तलाश जारी
Siddharthnagar News: बांसी थाना क्षेत्र (सिद्धार्थनगर) में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
उसके कब्जे से 238 शीशी कोडीन सिरप, 500 नशीली टैबलेट (निट्राजेपम) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
कार्रवाई से खुश होकर एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक राम प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन ड्यूटी पर तेलौरा बाजार में मौजूद थे।
इसी दौरान सूचना मिली कि रोहुआ रोड स्थित एक ट्रैवल एजेंसी के पास एक व्यक्ति नशीली दवाओं से भरा बैग और बोरा लेकर जाने की तैयारी में है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मुंबई भेजने के लिए सौंपा गया था सामान
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसकी दोस्ती जुनैद नाम के युवक से हुई थी।
जुनैद की मेडिकल दुकान बांसी के 50 शैय्या अस्पताल के पास बताई गई है। आरोपी के मुताबिक, 19 अक्टूबर को जुनैद ने उसे सामान तेलौरा ले जाकर बस में रखवाने और किराया देने के लिए कहा था।
इसके बदले उसके खाते में 4,000 रुपये भेजे गए थे, जबकि 1,000 रुपये बाकी थे। आरोपी कथित तौर पर सामान मुंबई भेजने के लिए ट्रैवल एजेंसी पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में सामने आए जुनैद की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी ने पुलिस टीम को किया सम्मानित
यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र प्रताप चतुर्वेदी के नेतृत्व में की गई।
टीम में उपनिरीक्षक राम प्रताप सिंह, शम्स जावेद खान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

