सीतापुर: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का दावा, बोले- बिहार में होने वाला है बड़ा बदलाव
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को सीतापुर शहर के राजा कॉलेज मैदान में आयोजित ‘संविधान बचाओ संवाद’ कार्यक्रम के दौरान केंद्र की बीजेपी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी ने वोटों की चोरी कर चुनाव जीता है।
कांग्रेस की बढ़ती ताकत का दावा
कार्यक्रम में बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर अजय राय उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा, “विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बारिश में कार्यकर्ता आए हैं, यह कांग्रेस की बढ़ती ताकत का संकेत है। सीतापुर में कांग्रेस की बढ़ती ताकत का यह संदेश बिहार से होकर दिल्ली तक जाएगा।” उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव और बिहार चुनाव के प्रभारी अविनाश पांडेय भी मौजूद हैं, और “बिहार में बदलाव आने वाला है।”
पीएम मोदी पर गंभीर आरोप
अजय राय ने वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी की जीत पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा “इस बार उन्होंने वोटों की चोरी कर चुनाव जीता है। इस बार वह सही मायने में जीत कर लोकसभा नहीं गए।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वाराणसी से सांसद होने के बावजूद, उत्तर प्रदेश को कोई बड़े कारखाने या उद्योग नहीं मिले, बल्कि “सारे उद्योग, सारी फैक्टरियां गुजरात जा रही हैं।”
बिहार के युवाओं पर टिप्पणी
पीएम मोदी के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि युवा उनकी वजह से रील बना रहे हैं, अजय राय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “बिहार में प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा उनकी वजह से रील बना रहे हैं। मोबाइल पर नौजवान रील देख रहे हैं। वहां उद्योग नहीं जा रहा है। बिहार-यूपी के लोगों को रील बनाने की बात कही जा रही है। अब इस बार बिहार ऐसे लोगों को जवाब देने जा रहा है।”
Also Read: बलरामपुर में दर्दनाक हादसा: गहरे तालाब में पलटी बैलगाड़ी, पिता-पुत्र समेत दोनों बैलों की डूबकर मौत

