सीतापुर के हॉस्टल में आठवीं के पांच बच्चों ने छठी के मासूम से किया कुकर्म, मचा हड़कंप
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में समाज कल्याण विभाग के सरकारी आवासीय स्कूल से गंभीर मामला सामने आया है। यहां छठी कक्षा में पढ़ने वाले 11 साल के छात्र ने आठवीं कक्षा के पांच छात्रों पर उसके साथ कुकर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद बच्चा इतना डर गया कि उसने 11 अगस्त को फोन कर पिता से कहा कि वह अब स्कूल में नहीं रहना चाहता, उसे घर ले जाएं।
घर पहुंचते ही रो पड़ा बच्चा
संदना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार ने अप्रैल 2026 में बेटे का सदरपुर स्थित सरकारी आवासीय विद्यालय में दाखिला कराया था। 13 अप्रैल से वह हॉस्टल में रहकर पढ़ रहा था। 12 अगस्त को पिता स्कूल पहुंचे तो बच्चा रोने लगा और उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
पिता का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल को पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सदरपुर थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्र ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है और अभी कोई प्रार्थनापत्र नहीं मिला है। प्रार्थनापत्र मिलने पर जांच कर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धार्थनगर में भी नाबालिग से दुष्कर्म का केस
सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि 26 जून की शाम गांव के दो आरोपियों में से एक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के पिता ने पहले थाने और एसपी से शिकायत की थी। कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट का रुख किया। बुधवार रात पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read: दिल्ली में बम धमाके की धमकी से हड़कंप, HC-एयरपोर्ट से लाल किले तक हाई अलर्ट

