Lucknow News: मलिहाबाद में रास्तों पर बह रहा कीचड़ और गंदा पानी, ग्रामीण परेशान
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायतें इस समय प्रशासनिक उपेक्षा और बदहाली को लेकर चर्चा में हैं। क्षेत्र में विकास कार्य तो दूर, गांवों की मुख्य सड़कों पर जलभराव और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हालात इतने खराब हैं कि जिन रास्तों से नन्हे-मुन्ने बच्चे स्कूल जाते हैं और ग्रामीण नमाज व दैनिक कार्यों के लिए निकलते हैं, वहां घुटनों तक गंदा पानी और कीचड़ भरा हुआ है।
बदहाली से तंग आकर ग्राम पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपकर जल्द से जल्द मार्ग निर्माण कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीण आरिफ, फाजिल, जमाल अहमद, चांदबाबू, जुबेर और नदीम सहित अन्य निवासियों का कहना है कि गांव में नूरू के घर से उस्मानिया मस्जिद तक तथा उस्मान कुरैशी के घर से रामनाथ बढ़ई के मकान तक जाने वाले करीब आधा दर्जन खड़ंजा मार्ग पूरी तरह उखड़ चुके हैं।
हालिया बारिश के बाद इन रास्तों पर भारी जलभराव हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत सचिव से बार-बार शिकायत करने के बावजूद सिर्फ कार्ययोजना में शामिल करने का रटा-रटाया जवाब दिया जाता है, जबकि ये काम पहले से स्वीकृत हैं।
Also Read: पुलिस प्रतियोगिता में सिद्धार्थनगर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 7 पदक जीतकर लौटे

