यूपी STF का बड़ा एक्शन, 820 बोरी नकली डीएपी खाद के साथ तस्कर गिरफ्तार
Hardoi News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने विभिन्न नामचीन फर्टिलाइज़र कंपनियों के नाम पर नकली खाद की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ टीम ने हरदोई जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 820 बोरी नकली डीएपी खाद बरामद की है और मौके से अखिलेश कुमार नामक एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 16 अक्टूबर 2026 की शाम को थाना पिहानी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हरियाली किसान सेवा केंद्र पर की गई।
कृषि विभाग को भी किया गया था शामिल
एसटीएफ मुख्यालय की टीम को लंबे समय से प्रदेश में नकली खाद की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में निरीक्षक शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। 16 अक्टूबर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र स्थित डेलपंडरवा गांव में ‘हरियाली किसान सेवा केंद्र’ पर भारी मात्रा में नकली खाद की खेप मंगाई गई है। इस पर एसटीएफ ने तुरंत जिला कृषि अधिकारी, हरदोई को साथ लिया और मौके पर पहुंचकर छापा मारा। छापेमारी के दौरान ट्रेलर (नंबर HR 46 G 5567) से गोदाम में नकली खाद उतारी जा रही थी।

हिसार से ओडिशा के नाम पर हरदोई भेजी जा रही थी खेप
जांच के दौरान जब्द की गई खाद के ई-वे बिल की पड़ताल की गई, तो बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। बिल के सामग्री कॉलम में RAW GRANULES दर्ज किया गया था, और कागजों में यह माल हरियाणा के हिसार से ओडिशा भेजा जाना दिखाया गया था, जबकि हकीकत में इसे हरदोई खपाया जा रहा था। एसटीएफ ने मौके से 820 बोरी नकली डीएपी खाद, एक मोबाइल फोन, फर्जी बिल-वाउचर, एक घड़ी और आधार कार्ड के अलावा वह ट्रक ट्रेलर भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पकड़े गए अभियुक्त अखिलेश कुमार (पुत्र मदनपाल, निवासी चौगानपुर, पोस्ट मैगलगंज, खीरी) ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि हरियाली किसान सेवा केंद्र, डेलपंडरवा का कागजी प्रोपराइटर कुलदीप सिंह है, लेकिन असलियत में इस केंद्र का संचालन रजनीश सिंह द्वारा किया जाता है। अखिलेश ने कबूल किया कि यह नकली खाद उसने रजनीश के कहने पर हरियाणा के हिसार स्थित ‘मेसर्स श्री कृष्ण सुदामा एग्रो टॉनिक’ फर्म से मंगवाई थी। यह नकली खाद ‘भारत डीएपी’ और ‘भू-क्रान्ति डीएपी’ ब्रांड के नाम पर बेची जानी थी।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना पिहानी (हरदोई) में मुकदमा अपराध संख्या 508/2026, धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS और आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज करवा दी है। मामले में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, और आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

