बेगूसराय में ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, मधेपुरा के 3 थाना प्रभारियों समेत 4 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद दर्दनाक और झझोंर देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की असमय मौत हो गई। इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि जान गंवाने वालों में मधेपुरा जिले के अलग-अलग थानों में तैनात तीन थाना प्रभारी शामिल थे। यह भयानक दुर्घटना साहेबपुर कमाल थाना इलाके के बखड्डा के पास नेशनल हाईवे-31 पर हुई, जहाँ एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला आधा हिस्सा ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गया और गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीनों पुलिस अधिकारी राजधानी पटना से एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) लेने के बाद एक ही गाड़ी से वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात करीब 12:30 बजे उनकी कार संतुलन खो बैठी और आगे चल रहे ट्रक काल बनकर उनके सामने आ गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, एसपी बोले- कानूनी प्रक्रिया जारी
पुलिस ने मृतकों की पहचान रतवारा के थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी के थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर के थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और उनके निजी कार चालक ज्योतिष कुमार के रूप में की है। हादसे में थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र, नीरज और ड्राइवर ज्योतिष की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक साथ तीन होनहार पुलिस अधिकारियों की मौत से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी कानूनी नियमों के तहत मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Also Read: आंधी-बारिश ने हिलाया UP, 7 लोगों की गई जान, सैकड़ों खंभे और पेड़ धराशायी

