आंधी-बारिश ने हिलाया UP, 7 लोगों की गई जान, सैकड़ों खंभे और पेड़ धराशायी
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के चलते पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिर गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हादसों में कौशांबी, झांसी, बरेली, अलीगढ़, देवरिया और मेरठ समेत विभिन्न जिलों में कुल सात लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं, जबकि सैकड़ों गांवों और शहरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
सबसे ज्यादा असर बरेली में देखने को मिला, जहां करीब 200 बिजली के खंभे गिरने से शहर में ब्लैकआउट जैसे हालात बन गए। जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक दरोगा समेत नौ लोग घायल हुए हैं। प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटी रहीं।
कई जिलों में गिरे पेड़, दीवार और टावर
अलीगढ़ में जेके सीमेंट फैक्टरी की चेक पोस्ट गिरने से ड्यूटी पर तैनात गार्ड इंद्रजीत (35) की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में दीवार गिरने से एक मजदूर की जान चली गई। मेरठ में करीब 70 पेड़ और 100 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बुलंदशहर के अहमदगढ़ क्षेत्र में एक मकान की छत पर मोबाइल टावर गिर गया। जिलेभर में 300 से अधिक पेड़ उखड़ गए और कई जगह विज्ञापन होर्डिंग्स भी धराशायी हो गए।
पूर्वांचल के कई जिलों में भी आंधी-बारिश का व्यापक असर देखने को मिला। बलिया, जौनपुर, चंदौली और मऊ में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। देवरिया के जोगिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 65 वर्षीय अनारी देवी की मौत हो गई।
गर्मी से राहत, लेकिन मौसम विभाग का अलर्ट जारी
UP Weather Update: बारिश और तेज हवाओं की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। गोरखपुर में सबसे ज्यादा 75 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि बलिया में 64 मिमी, बाराबंकी और संत कबीर नगर में 48-48 मिमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। शुक्रवार के लिए 19 जिलों में गरज-चमक और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 12 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 12 जून तक पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होगा और 13 जून से गर्मी फिर बढ़ने की संभावना है।
Also Read: UP को मिलेगी Bullet Train की सौगात! Lucknow में स्टेशन की रेस में ये 4 लोकेशन

