झारखंड परीक्षा धांधली के विरोध में 14वें दिन भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे छात्र, छात्र नेता बोले- कार्रवाई से डर रही सरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ अभ्यर्थियों का आंदोलन 14वें दिन भी जारी है। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सैकड़ों छात्र अनिश्चितकालीन धरने और भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर लीक होना आम बात हो गई है, जिससे गरीब और मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकार में लटक गया है।
आंदोलनकारियों की हालत नाजुक
एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में देवेंद्र महतो ने कहा कि सरकार की तरफ से अब तक वार्ता की कोई पक्की तिथि या समय तय नहीं किया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि निष्पक्ष जांच होने पर कई बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं, इसी डर से सरकार सख्त कदम उठाने से बच रही है। उन्होंने 14वीं जेपीएससी और एफआरओ (FRO) समेत विवादित परीक्षाओं को तुरंत रद्द करने की मांग रखी। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समर्थन का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों के इस न्यायपूर्ण मुद्दे पर भाजपा, कांग्रेस और जेएमएम सहित सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर साथ आना चाहिए।
दूसरी ओर, लगातार भूख हड़ताल पर रहने के कारण कई आंदोलनकारी छात्रों और नेताओं का स्वास्थ्य तेजी से बिगड़ रहा है। धरने पर बैठे छात्र प्रेम ने बताया कि पांच दिनों की भूख हड़ताल के चलते छात्र नेता देवेंद्र बाबू की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बंद कमरों में नौकरियां बेची जा रही हैं और जब तक उनकी सभी समयबद्ध मांगें पूरी नहीं होतीं, वे अपना आंदोलन और अनशन खत्म नहीं करेंगे।

