बागपत में वांछित 50 हजार का इनामी गैंगस्टर अरबाज बुलंदशहर से गिरफ्तार

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) की मेरठ इकाई ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बागपत के दोघट थाने से वांछित 50,000 रुपये के इनामी अपराधी अरबाज को गिरफ्तार कर लिया है। गत रात एसटीएफ टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र स्थित बराल रेलवे स्टेशन से धर दबोचा। पकड़ा गया अभियुक्त अरबाज, मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी का निवासी है।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह मेरठ में कबाड़ी की दुकान पर काम करता था। जनवरी 2024 में उसकी मुलाकात चोरी का सामान बेचने आए मनोज और अक्षय नामक बदमाशों से हुई, जिसके बाद वह उनके साथ मिलकर चोरी की वारदातें करने लगा। मार्च 2024 में इस गिरोह ने बागपत के दोघट थाना क्षेत्र में बिजली के तार चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने अरबाज और उसके साथियों को जेल भेजा था, जिसके बाद उन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अरबाज तभी से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।

गिरफ्तार अभियुक्त अरबाज के खिलाफ बागपत के दोघट थाने में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत दो गंभीर मुकदमे दर्ज हैं (मु.अ.सं. 52/2024 धारा 379/411/427 भादवि और मु.अ.सं. 164/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट)। एसटीएफ ने अभियुक्त को दोघट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहाँ से उसके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Also Read: INS ब्रह्मपुत्र हादसा: नौसेना के कैप्टन समेत 2 अधिकारियों पर कोर्ट मार्शल शुरू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.