छात्र को थप्पड़ मारने पर भड़के परिजनों ने स्कूल में घुसकर शिक्षक को बेरहमी से पीटा
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के गया जिले में खिजरसराय थाना क्षेत्र के सहवाजपुर मध्य विद्यालय में शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक शिक्षक द्वारा छात्र को थप्पड़ मारने की मामूली घटना के बाद नाराज़ परिजन स्कूल में घुस आए। उन्होंने शिक्षक राकेश रंजन श्रीवास्तव को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव में आए अन्य शिक्षकों को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, विद्यालय में कक्षा पांच के दो छात्र आपस में झगड़ रहे थे। जब एक अन्य छात्र ने इसकी शिकायत शिक्षक राकेश रंजन श्रीवास्तव से की, तो वे कक्षा में पहुंचे। झगड़ा कर रहे दोनों छात्रों को शांत कराने के लिए उन्होंने एक-एक थप्पड़ मारा। इसके बाद एक छात्र गुस्से में स्कूल छोड़कर घर चला गया और अपने परिजनों को बुला लाया।
बताया जा रहा है कि छात्र के परिजन, अपने अन्य समर्थकों के साथ स्कूल पहुंचे और बिना किसी बातचीत के सीधे शिक्षक पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से राकेश रंजन श्रीवास्तव को बुरी तरह पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे शिक्षक धर्मेंद्र कुमार भी इस हमले में घायल हो गए। महिला शिक्षक बार-बार हमलावरों से गुहार लगाती रहीं कि वे ऐसा न करें, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने किसी की नहीं सुनी।
स्कूल में दहशत का माहौल
इस हमले के बाद स्कूल में भगदड़ मच गई। छात्र डर के मारे इधर-उधर भागने लगे, कई छात्र व शिक्षक अपनी जान बचाने के लिए कमरों में छिप गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायल शिक्षकों को खिजरसराय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां राकेश रंजन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, शिक्षक छात्रों के मार्गदर्शक होते हैं, उन पर इस तरह का हमला न केवल शिक्षा व्यवस्था पर हमला है, बल्कि पूरे समाज के लिए एक शर्मनाक घटना है। दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
Also Read: Gonda News: सांड के हमले में महिला की दर्दनाक मौत, नजारा देख सहम गए लोग

