Lucknow News: 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने घेरा शिक्षा मंत्री का आवास, पुलिस ने घसीटकर हटाया
Lucknow News: लखनऊ में 69000 शिक्षक भर्ती के लिए संघर्ष कर रहे हज़ारों अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। योगी बाबा न्याय करो और सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करो के नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री से मिलने की मांग की। प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच जमकर झड़प हुई। पुलिसकर्मियों को महिला अभ्यर्थियों को घसीटकर और टांगकर गाड़ियों में बैठाना पड़ा, जिसके बाद उन्हें ईको गार्डन ले जाया गया।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का मुख्य आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट में सरकार की लचर पैरवी की वजह से उनकी नियुक्ति अटकी हुई है। उनका कहना है कि वे पिछले 5 वर्षों से रोज़गार के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं और अब उन्हें तुरंत नौकरी दी जाए। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से महिला और पुरुष अभ्यर्थी शामिल हुए।
एक प्रदर्शनकारी ने भावुक होते हुए कहा, विगत 5 सालों में हम 100 से ज्यादा बार मंत्री के आवास का घेराव कर चुके हैं। हर बार हमें सिर्फ आश्वासन मिलता है। हम बेरोज़गार हैं, फिर भी अलग-अलग जनपदों से किराया-भाड़ा खर्च करके आते हैं, मगर हर बार मायूस होकर वापस जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब तक कोई मजबूत आश्वासन नहीं मिल जाता, वे वापस नहीं जाएंगे।
देवरिया से आए एक अभ्यर्थी धनंजय ने मजबूरी जाहिर करते हुए कहा, हम शिक्षक हैं, हमारी जगह विद्यालय में है, लेकिन मजबूरी में बार-बार लखनऊ आना पड़ता है। पिछली 22 तारीखों में सरकार की तरफ से वकील उपस्थित नहीं हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा, सीएम योगी बिहार में जाकर कहते हैं कि यूपी में रामराज है। यह कौन सा रामराज है, जहाँ पिछड़े और दलितों को जाति देखकर न्याय किया जाता है?
धनंजय ने पिछड़े वर्ग के नेताओं, जैसे केशव प्रसाद मौर्य, ओम प्रकाश राजभर और अनुप्रिया पटेल पर भी जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता सिर्फ उनके नाम पर धंधा और राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, अगर इनके दिल में हमारे लिए दर्द है, तो ओम प्रकाश राजभर और केशव प्रसाद मौर्य इस्तीफा दे दें। धिक्कार है ऐसे लोगों पर जो सिर्फ हमारा इस्तेमाल कर रहे हैं और माल कमा रहे हैं।
Also Read: Varanasi News: नगर विकास मंत्री एके शर्मा का ऐलान, भव्य रूप से मनाई जाएगी सरदार पटेल की 150वीं जयंती

