गोमती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी, DM और JCP ने बीकेटी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

Lucknow News: गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण तहसील बीकेटी के निचले इलाकों में बने जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी विशाख जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त (JCP) बब्लू कुमार ने बीकेटी क्षेत्र के लासा, बहादुरपुर, सुल्तानपुर और अकड़िया मऊ सहित अन्य प्रभावित गांवों का नाव से स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

DM और JCP ने बीकेटी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

4 राहत शिविर स्थापित, 30 से अधिक नावें तैनात

निरीक्षण के दौरान बीकेटी के उप जिलाधिकारी (SDM) ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों के आवागमन और आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए 30 से अधिक नावों का संचालन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्थिति को देखते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त नावें लगाने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र में 4 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहाँ राजस्व, स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग के कर्मचारी तैनात हैं।

DM और JCP ने बीकेटी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

प्रभावित परिवारों को पका हुआ भोजन दिया जा रहा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को कल से पात्र परिवारों को मैनुअल राशन और ‘ड्राय राशन किट’ बांटने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों को जरूरी दवाइयों की किट और पीने के पानी को शुद्ध करने के लिए क्लोरीन टैबलेट्स बांटी जा रही हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की देखरेख में पशुओं के इलाज और उनके लिए हरे चारे व भूसे का पर्याप्त प्रबंध किया गया है। जिलाधिकारी विशाख जी. ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी है। निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन, एसडीएम बीकेटी, तहसीलदार बीकेटी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Also Read: Bareilly News: सेवा संकल्प अभियान के तहत कान्हा गौशाला में गौवंश विशेष शिविर का आयोजन, गौवंशों की हुई स्वास्थ्य जांच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.