’11 लाख संविदा कर्मचारियों के हक पर डाका डाल रही है’, कांग्रेस का बीजेपी सरकार पर हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद डॉ. उदित राज ने शनिवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार को मजदूर-विरोधी और दलित-विरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद 11 लाख संविदा कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है।

डॉ. उदित राज ने कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने ‘आउटसोर्स सेवा निगम लिमिटेड’ के गठन को मंजूरी दी है, जिसके तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को 16,000 से 20,000 रुपये के मासिक मानदेय पर तीन साल के लिए नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के ‘धर्म सिंह बनाम उत्तर प्रदेश सरकार’ मामले में 19 अगस्त 2025 के निर्णय के खिलाफ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट ने इन कर्मचारियों को 2002 से सभी लाभों के साथ नियमित करने का आदेश दिया था, लेकिन सरकार इस कदम से संविदा शोषण को कानूनी रूप दे रही है। उन्होंने कहा कि यह लाखों मजदूरों को कम वेतन और असुरक्षित परिस्थितियों में धकेलने का एक सुनियोजित प्रयास है, जिससे सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच रही है।

इसके अलावा, डॉ. उदित राज ने दलित छात्रों के हक पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्रों के लिए बने हॉस्टलों में से 30% सीटें सामान्य वर्ग के लिए आवंटित की गई हैं। उन्होंने कहा कि आबादी बढ़ने के साथ ही छात्रों की संख्या भी बढ़ी है, ऐसे में अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्रों के लिए और हॉस्टल बनने चाहिए, न कि उनके हक काटे जाने चाहिए।

Also Read: माफी कबूल… आकाश आनंद के ससुर की बसपा में वापसी, भावुक पत्र पर पसीजा मायावती का दिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.