Siddharthnagar News: जज, DM और SP ने सिद्धार्थनगर जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को परखा
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिला कारागार में व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने और बंदियों के मानवाधिकारों की समीक्षा के लिए मंगलवार को एक उच्च स्तरीय त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जेल परिसर का औचक मुआयना किया। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत विजिटर बोर्ड के सदस्य भी मौजूद रहे।
निरीक्षण दल ने जेल की महिला और पुरुष बैरकों, जेल अस्पताल, भोजनालय (रसोईघर), पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही कारागार के अभिलेखों और सुरक्षा इंतजामों की भी गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जेल परिसर के अनुशासन और स्वच्छता की तारीफ करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान जज, डीएम और एसपी ने बंदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और बुनियादी जरूरतों के बारे में जाना और जेल प्रशासन को उनके जल्द निस्तारण के आदेश दिए।

जेल परिसर में विशेष कार्यक्रम का हुआ आयोजन
निरीक्षण के बाद जेल परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां शिव नाडार फाउंडेशन और जिला कारागार प्रशासन के संयुक्त प्रयास से पढ़ाई कर रहे बंदियों को शैक्षणिक किट और प्रमाण-पत्र सौंपे गए। जिला जज ने बंदियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को बदलने का सबसे सशक्त माध्यम है। वहीं, जिलाधिकारी ने कहा कि जेल अब सिर्फ सजा काटने की जगह नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास के केंद्र बन चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कैदियों से सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में जेल अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और समाजसेवी संस्थाओं का आभार जताते हुए भविष्य में भी बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने वाले ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।
Also Read: Zimbabwe vs Bangladesh: आग उगल रहा इनोसेंट कइया का बल्ला, 11 पारियों में जड़ दिए 7 शतक

