UP News: आईआरएस अफसरों के झगड़े में सामने आए आयकर की गोपनीय फाइलों के ‘राज’

Sandesh Wahak Digital Desk: आयकर भवन में डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग और जॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा के बीच मारपीट का मामले लखनऊ से दिल्ली तक नौकरशाही के बीच सुर्खियां बटोर रहा है।

आईपीएस रवीना त्यागी के पति गर्ग की तहरीर पर लखनऊ पुलिस ने योगेंद्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद शुक्रवार को जॉइंट कमिश्नर मिश्रा की तरफ से भी पुलिस कमिश्नर को तहरीर देते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की गयी है। मिश्रा ने आईआरएस गर्ग के ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए मानो पूरी कुंडली ही खोलकर रख दी है।

आयकर विभाग से सीसीटीवी फुटेज तलब

वहीं हजरतगंज पुलिस ने आयकर विभाग से घटना की सीसीटीवी फुटेज तलब की है। आईपीएस रवीना त्यागी को लखनऊ से हटाने की मांग भी हो रही है। जिससे पुलिस बिना दबाव निष्पक्ष जांच कर सके।

 

शुक्रवार सुबह योगेंद्र मिश्रा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कई पोस्ट लिखकर आईआरएस गर्ग पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस कमिश्नर को भेजी शिकायत में लिखा कि गौरव गर्ग की तैनाती के दौरान 2022 में कानपुर में टैक्स चोरी से जुड़े प्रकरणों में गंभीर खामियां मिली थी। जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हुआ।

गर्ग ने संवेदनशील और कार्रवाई करने लायक जानकारियां बेनामी यूनिट और बाकी एजेंसियों से साझा नहीं की। वहीं छापों के कई मामलों की अप्रेजल रिपोर्ट में सीज नकदी को टैक्स पेयर की बिजऩेस इनकम दिखा दिया गया। किसी भी थर्ड पार्टी से जांच नहीं कराई गयी। इस मामले के बाद से गौरव उनसे रंजिश रखते हैं। 13 फरवरी 2025 को क्रिकेट मैच के दौरान हुए मामूली विवाद में सभी पक्षों ने माफी मांगकर मामले को खत्म कर दिया था।

 

आरटीआई का जवाब देने से किया इंकार

इसके बावजूद डेढ़ माह बाद वीडियो जानबूझकर गर्ग ने आईपीएस पत्नी रवीना त्यागी के जरिये कानपुर के एक पत्रकार द्वारा वायरल कराया। आईआरएस मिश्रा ने आयकर विभाग से अपने तबादले के संबंध में लोकल प्लेसमेंट कमेटी के मिनट्स आरटीआई से मांगे थे। आयकर विभाग के जनसूचना अधिकारी का चार्ज भी गर्ग के पास है। उन्हें इसका जवाब समय बीतने के बावजूद नहीं दिया गया। गुरुवार को चीफ कमिश्नर ऋचा रस्तोगी के कमरे में उन्होंने आरटीआई का जवाब देने को कहा तो गर्ग ने कहा कि कोई जवाब नहीं दिया जाएगा। जाओ कैट में।

वीडियो लीक करने के आरोपों पर गर्ग उखड़ गए और पंजाबी में गलियां देते हुए मिश्रा पर हमला कर दिया। मिश्रा ने कहा मैंने जवाबी कार्रवाई नहीं की और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। मुझे हमलावर के रूप में पेश करने के लिए झूठा प्रचार किया जा रहा है। आयकर विभाग के बड़े अफसर इतने गंभीर मामले में चुप्पी साधे हैं। दो वरिष्ठ अफसरों के बीच विवाद में आयकर विभाग की जांचों पर भी सवालिया निशान खड़ा हो गया है।

फिलहाल विवेचना जारी है: डीसीपी (मध्य)

डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि आईआरएस योगेंद्र मिश्रा मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवेचना जारी है। अभी पूछताछ नहीं हुई है। मिश्रा की तहरीर पर उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर उनके हैंडल को कोई और चला रहा हो तो, इसका सत्यापन कैसे होगा।

पूरी कुंडली है, कैसे सर्च केसेस मैनेज किए

आरोप-प्रत्यारोप के बीच जॉइंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा ने गुरुवार को आईआरएस गौरव गर्ग से चीफ कमिश्नर ऋचा रस्तोगी के कमरे में कहा था कि मुझसे पंगा मत लेना। तुम्हारी (गर्ग) पूरी कुंडली मेरे पास है। कैसे कानपुर इन्वेस्टिगेशन में सर्च केसेज मैनेज किये गए हैं। उदाहरण सोना चण्डीस, मार्क वन और खेमचंद पवन कुमार। डिजिटल एविडेंस अप्रेजल में डिसकस नहीं हुए। च्वयनप्राश खाकर आए हो क्या?

Also Read: निदेशक अभियोजन वीरेंद्र विक्रम पर FIR, विजिलेंस जांच में सामने आई 86 लाख की अतिरिक्त…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.