मेरठ में दर्दनाक हादसा: सिलिंडर से भरे ट्रक ने मां और 8 दिन के बेटे को कुचला, दोनों की मौत
Meerut Road Accident: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके आठ दिन के नवजात बेटे की जान चली गई। लावड़ में सब्जी मंडी के पास काली माता मंदिर के सामने बाइक सवार परिवार को LPG सिलिंडरों से भरे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में महिला और उसके बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, परिवार महल गांव का रहने वाला था। महिला अपने पति के साथ आठ दिन के बच्चे को पीलिया की दवा दिलाने के लिए गई थी। दवा दिलाने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लावड़ में काली माता मंदिर के सामने उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में महिला और नवजात की मौत हो गई, जबकि उसके पति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
इंडेन गैस सिलिंडरों से भरा था ट्रक, चालक फरार
हादसे (Meerut Road Accident) में शामिल ट्रक इंडेन गैस सिलिंडरों से भरा हुआ था। दुर्घटना के बाद ट्रक को पकड़ लिया गया, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हादसे में मां और नवजात की मौत की खबर से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने घटनास्थल पर जाम लगाकर विरोध जताया। इस दौरान एंबुलेंस में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना भी सामने आई है।
घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि, जाम खुलवाने और एंबुलेंस में तोड़फोड़ के मामले में प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Also Read: गोरखपुर में खुले नाले में गिरकर सिक्योरिटी गार्ड की मौत, 25 करोड़ की परियोजना पर उठे सवाल

