ट्रंप ने स्वीकार की मस्क की माफी, दोनों के बीच सुलह के संकेत
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच पिछले कुछ समय से चल रही तनातनी अब थमती नजर आ रही है। व्हाइट हाउस की ओर से जानकारी दी गई है कि ट्रंप ने मस्क की हालिया माफ़ी को स्वीकार कर लिया है। इस कदम को दोनों शख्सियतों के बीच रिश्ते सुधारने की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है।
प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा, राष्ट्रपति ने आज सुबह एलन मस्क के बयान को स्वीकार किया और उनकी इस पहल की सराहना की है। अब हमारा पूरा फोकस अमेरिका की जनता और उनके भविष्य पर रहेगा। जब पूछा गया कि क्या ट्रंप प्रशासन मस्क से जुड़े सरकारी ठेकों की समीक्षा करेगा, जैसा पहले इशारा किया गया था, तो लेविट ने साफ तौर पर कहा, जहां तक मेरी जानकारी है, ऐसी कोई प्रक्रिया अभी शुरू नहीं की गई है।
क्या था विवाद
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क ने सोमवार की रात ट्रंप को फोन किया था और बुधवार को एक सार्वजनिक बयान जारी कर सोशल मीडिया पर अपनी की गई विवादित टिप्पणियों के लिए माफी मांगी। यह बयान उस बातचीत के बाद सामने आया, जो मस्क, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूजी वाइल्स के बीच हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, कई वरिष्ठ रिपब्लिकन नेता और ट्रंप के करीबी सहयोगी मस्क से संपर्क में थे और उन्हें राष्ट्रपति के साथ सुलह करने के लिए कह रहे थे। इसके साथ ही वे मस्क से ट्रंप के मुख्य विधेयक बिग ब्यूटीफुल बिल का समर्थन करने की भी अपील कर रहे थे, जो इस वक्त सीनेट में विरोध का सामना कर रहा है।
मस्क की चिंताएं और भविष्य की राह
हालांकि मस्क सुलह के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें इस बात की चिंता है कि बिल में खर्च कम नहीं किया गया है। उन्होंने ये मुद्दा रिपब्लिकन नेताओं के साथ बातचीत में भी उठाया है। कभी ट्रंप के बेहद करीबी माने जाने वाले मस्क को टेक इंडस्ट्री में उनका पहला दोस्त भी कहा जाता था। हालिया विवाद ने दोनों के रिश्तों में दरार डाल दी थी, लेकिन अब स्थिति बदलती दिख रही है।
Also Read: ईरान पर संभावित इज़राइली हमले को लेकर अमेरिका सतर्क, उठा रहा है ये कदम

