रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप ने दी चेतावनी, बोले- आग से खेल रहे हैं पुतिन

वॉशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पुतिन आग से खेल रहे हैं और हालात बेहद गंभीर हो सकते हैं।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, पुतिन को अंदाजा नहीं है कि अगर मैं राष्ट्रपति नहीं होता, तो अब तक रूस के साथ बहुत बुरा हो चुका होता और मेरा मतलब है वाकई में बहुत बुरा। वह आग से खेल रहे हैं।

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब रूस-यूक्रेन युद्ध के थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की पर भी निशाना साधा और कहा कि जेलेंस्की अपने देश की भलाई नहीं कर रहे। जिस तरह से वह बात कर रहे हैं, वह सही नहीं है।

यह प्रतिक्रिया जेलेंस्की के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने रूस के ताज़ा हमलों पर अमेरिका की चुप्पी की आलोचना की थी। ट्रंप ने रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा, मैं पुतिन के बर्ताव से बिल्कुल खुश नहीं हूं। समझ नहीं आता उन्हें क्या हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि पुतिन अब पूरी तरह पागल हो गए हैं।

हालांकि ट्रंप के इन बयानों पर रूस की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है। रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने कहा, ट्रंप कहते हैं कि रूस के साथ बहुत बुरी चीजें हो सकती थीं। मुझे सिर्फ एक बुरी चीज की जानकारी है- तीसरा विश्व युद्ध। उम्मीद है ट्रंप को इसका एहसास है। गौरतलब है कि ट्रंप पहले भी कई बार रूस-यूक्रेन युद्ध को जल्द खत्म करने की बात कह चुके हैं और बाइडेन प्रशासन की रणनीति पर सवाल उठाते रहे हैं।

Also Read: क्या आईआरएस लॉबी के संरक्षण में पनप रहा अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गैंग?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.