Muzaffarnagar News: मुठभेड़ में दलित युवती से गैंगरेप के दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बेहद सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार, 16 जून को थाना चरथावल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम के साथ हुई एक मुठभेड़ के बाद इस घिनौनी वारदात में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं, जिसमें मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
जंगल में ले जाकर किया था सामूहिक दुष्कर्म
यह पूरा मामला 13 जून को सामने आया था, जब पीड़िता के पिता ने चरथावल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के मुताबिक, मुख्य आरोपी उमर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसकी बेटी को जबरन नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल में ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस संबंध में तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, एसपी सिटी अमृत जैन के पर्यवेक्षण और सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई थीं। मंगलवार को जब चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया और एसओजी प्रभारी मोहित की टीम दधेडू पुल के पास गश्त पर थी, तभी उन्हें दधेडू खुर्द मार्ग पर दो संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने जैसे ही उन्हें रुकने का इशारा किया, उन्होंने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी और कच्चे रास्ते की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को चारों तरफ से घेर लिया और सरेंडर करने को कहा, लेकिन बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई नियंत्रित फायरिंग में मुख्य अभियुक्त उमर उर्फ सालिम (उम्र 25 वर्ष, निवासी दधेडू खुर्द) के बाएं पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मोहम्मद अब्दुल्ला (उम्र 22 वर्ष, निवासी बागोवाली) अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर दबोच लिया।
घायल उमर को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उमर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले भी दुष्कर्म का संगीन मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत एक और नया मुकदमा कायम कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे एनकाउंटर को लेकर एसएसपी मुजफ्फरनगर का आधिकारिक बयान भी जारी किया गया है।
Also Read: लखनऊ के इन चौराहों की बदलेगी सूरत, ग्लोबल नगरोदय योजना के तहत होगा कायाकल्प

