पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से दो की मौत, कई घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के देवास जिले में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री मंगलवार को भीषण धमाके से दहल उठी। एबी रोड स्थित टोंककला इलाके में संचालित इस फैक्ट्री में हुए विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के मकानों की दीवारें हिल गईं और पूरा इलाका दहल गया। इस हृदयविदारक हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

हवा में उछले शरीर के टुकड़े

विस्फोट के बाद का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना जोरदार था कि मजदूरों के शरीर के चिथड़े सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरे। हादसे के बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों को आशंका है कि मलबे और फैक्ट्री की स्थिति को देखते हुए मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।

पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से दो की मौत, कई घायल

सुरक्षा मानकों की अनदेखी और ग्रामीणों का आक्रोश

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय द्वारा सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। मौके पर भारी मात्रा में खुला बारूद पाया गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार अवैध रूप से बारूद के भंडारण की शिकायत की थी, लेकिन कथित राजनीतिक संरक्षण के चलते प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस लापरवाही के कारण हुए हादसे ने अब स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।

Also Read: टीम इंडिया पर बड़ा फैसला लेने की तैयारी में BCCI, मोहम्मद शमी 3 साल बाद आएंगे वापस?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.