टीम इंडिया पर बड़ा फैसला लेने की तैयारी में BCCI, मोहम्मद शमी 3 साल बाद आएंगे वापस?
Sandesh Wahak Digital Desk: IPL 2026 के समापन के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अपने आगामी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में व्यस्त हो जाएगी।
टीम इंडिया की पहली चुनौती अफगानिस्तान के खिलाफ होगी, जहां दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले जाने हैं। इसी बीच टेस्ट टीम के भविष्य को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की अगुआई में यह समिति इसी सप्ताह के अंत या अगले सप्ताह BCCI अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर सकती है।
इस बैठक में भारतीय टेस्ट टीम के संयोजन और तेज गेंदबाजी आक्रमण पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
रिपोर्ट के मुताबिक टीम मैनेजमेंट चाहता है कि हर टेस्ट मैच में सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन उतारी जाए, लेकिन चयनकर्ता यह भी देखेंगे कि IPL 2026 के प्लेऑफ में कौन-कौन सी टीमें पहुंचती हैं।
इसके बाद ही अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए तेज गेंदबाजों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

बुमराह पर फैसला, बाकी गेंदबाजों पर नजर
BCCI सूत्रों के अनुसार फिलहाल केवल जसप्रीत बुमराह को लेकर स्थिति स्पष्ट है, क्योंकि मुंबई इंडियंस के IPL 2026 से बाहर होने के बाद उनके प्लेऑफ खेलने का सवाल नहीं है।
वहीं हर्षित राणा और आकाश दीप चोट के कारण इस सीजन IPL नहीं खेल सके।
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस लगभग प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी है। टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं, जिससे चयनकर्ताओं की नजरें उन पर टिकी हुई हैं।
मोहम्मद शमी की वापसी पर संशय
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मोहम्मद शमी ने घरेलू सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन उन्होंने 2023 के बाद से टीम इंडिया के लिए कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है।
चयन समिति के भीतर इस बात के संकेत हैं कि शमी को दोबारा टेस्ट टीम में मौका देने पर फिलहाल गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा, जिससे उनकी लगभग तीन साल बाद संभावित वापसी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
नए चेहरों को मिल सकता है मौका
BCCI की नजर कुछ युवा और उभरते तेज गेंदबाजों पर भी है। रिपोर्ट के मुताबिक अंशुल कंबोज के साथ-साथ गुरनूर ब्रार को भी भविष्य की योजनाओं में शामिल किया जा सकता है।
अब सबकी नजरें चयन समिति की आगामी बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में भारत का तेज गेंदबाजी आक्रमण किन चेहरों के भरोसे उतरेगा।

