जालौन SDM पद से हटाए गए विवादों में घिरे IAS रिंकू सिंह राही, भाजपा ब्लॉक प्रमुख से मारपीट का आरोप

Jalaun News: अपनी अनूठी कार्यशैली और लगातार विवादों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले आईएएस (IAS) अधिकारी रिंकू सिंह राही पर उत्तर प्रदेश शासन और स्थानीय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जालौन के उपजिलाधिकारी (SDM) पद पर तैनात रिंकू सिंह राही को प्रशासनिक फेरबदल के तहत उनके पद से हटा दिया गया है। जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय के आदेश पर उन्हें अब उरई में न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर भेजा गया है, जबकि उनके स्थान पर राकेश कुमार सोनी को तत्काल प्रभाव से जालौन का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

दरअसल, रिंकू सिंह राही हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जालौन ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के साथ मारपीट और अभद्रता के गंभीर आरोपों को लेकर विवादों में घिरे थे। यह पूरा वाकया 23 जून का है, जब आईएएस रिंकू सिंह 5 सदस्यीय टीम के साथ ‘बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज’ का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। जांच के दौरान कागजात दिखाने की बात को लेकर कोल्ड स्टोरेज के मालिक व निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन से उनकी तीखी बहस हो गई। ब्लॉक प्रमुख का आरोप था कि जब उन्होंने दस्तावेज लाने की बात कही, तो एसडीएम ने अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें थप्पड़ मारने और धक्का-मुक्की करने की कोशिश की।

इस घटना के बाद ब्लॉक प्रमुख ने बकायदा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीसीटीवी (CCTV) फुटेज जारी किया था और जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की थी। मामला शासन स्तर तक गूंजने के बाद डीएम ने जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी गठित की थी। हालांकि, रिंकू सिंह राही का इस पर कहना था कि कोल्ड स्टोरेज में बड़े पैमाने पर मिली खामियों को छुपाने के लिए उन पर यह झूठे आरोप लगाए गए हैं। बहरहाल, लगातार बढ़ते विवादों के बीच प्रशासन ने उन्हें हटाना ही बेहतर समझा। बता दें कि इससे पहले रिंकू सिंह राही शाहजहांपुर में वकीलों के साथ हुए एक विवाद के बाद बीच सड़क पर उठक-बैठक लगाने को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर चुके हैं।

Also Read: मुंबई की 11 करोड़ की साइबर ठगी से गोरखपुर में खरीदी गई ज्वेलरी, पुलिस जांच में जुटी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.