जम्मू-कश्मीर के Shopian में सेना का बड़ा ऑपरेशन, घिरे दो आतंकी, मुठभेड़ जारी
Shopian Encounter। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में शनिवार देर रात सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। खुफिया सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना, सीआरपीएफ (CRPF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने चानपोरा इलाके में बड़े पैमाने पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
इसी दौरान खुद को घिरा देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। फिलहाल पूरे इलाके में ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों को पकड़ने या ढेर करने के अभियान में जुटी हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को शनिवार शाम सूचना मिली थी कि Shopian के चानपोरा इलाके में कुछ सक्रिय आतंकी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR), सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने संयुक्त अभियान शुरू किया।
टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकानों की तलाशी शुरू की। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी, जिसके बाद ऑपरेशन मुठभेड़ में बदल गया।
आतंकियों ने की फायरिंग, सुरक्षाबलों का जवाब
सुरक्षाबलों ने पहले नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की और आतंकियों से आत्मसमर्पण करने की अपील भी की। हालांकि, आतंकियों की ओर से लगातार फायरिंग जारी रहने पर जवानों ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।
मुठभेड़ के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। किसी भी आतंकी को भागने से रोकने के लिए सभी रास्तों पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
ड्रोन और थर्मल कैमरों से निगरानी
रात के समय ऑपरेशन को प्रभावी बनाए रखने के लिए सुरक्षाबल हाई-बीम सर्च लाइट, थर्मल इमेजर और आधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे इलाके की निगरानी कर रहे हैं। चानपोरा आने-जाने वाले सभी रास्ते सील कर दिए गए हैं और स्थानीय लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई है।
फिलहाल Shopian में ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक किसी आतंकी के मारे जाने या सुरक्षाबलों के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Also Read: ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM Modi को जान से मारने की धमकी, पोस्ट के बाद शुरु हुई हाई लेवल जांच

