UP के 10 लाख शिक्षकों-कर्मचारियों को डबल सौगात, कैशलेस इलाज के साथ मिलेगा लाइफ इंश्योरेंस भी
Teachers Cashless medical facility: उत्तर प्रदेश (UP) के बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार अब विभाग से जुड़े करीब 10 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों और अन्य कार्मिकों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देने जा रही है। इसके तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ ग्रुप लाइफ और दुर्घटना बीमा का लाभ भी मिलेगा।
इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के बीच 8 जुलाई को वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और डीबीटी वितरण कार्यक्रम के दौरान आयोजित होगा।
एमओयू के दायरे में विभाग के करीब 4.50 लाख स्थायी और 5.50 लाख संविदा कार्मिक शामिल होंगे, जिन्हें SBI के विशेष सैलरी पैकेज से जोड़ा जाएगा।
स्थायी शिक्षकों और कर्मचारियों को क्या मिलेगा?
प्रस्तावित योजना के अनुसार UP के जिन स्थायी कार्मिकों का मासिक वेतन 10 हजार रुपये से अधिक है, उन्हें कई विशेष बीमा सुविधाएं मिलेंगी। इनमें 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपये का स्थायी दिव्यांगता बीमा और 1.60 करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर शामिल है।
इसके अलावा किसी अनहोनी की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई और बेटियों के विवाह के लिए भी अतिरिक्त (एड-ऑन) बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
संविदा कार्मिकों को भी मिलेगा बीमा कवर
एमओयू के तहत 10 हजार रुपये या उससे अधिक मासिक वेतन पाने वाले संविदा कार्मिकों को 30 लाख रुपये तक का पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस मिलेगा। स्थायी दिव्यांगता पर 30 लाख और आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में 15 लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। एयर एक्सीडेंट की स्थिति में भी 30 लाख रुपये तक का कवर दिया जाएगा।
वहीं, जिन कार्मिकों का मासिक वेतन 10 हजार रुपये से कम है, उन्हें जीरो बैलेंस SBI खाते और रुपे डेबिट कार्ड के आधार पर 1 लाख रुपये का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा।
SBI खाताधारकों को मिलेगा सीधा लाभ
जिन कर्मचारियों का वेतन पहले से SBI खाते में आता है, उनके खातों को विशेष सैलरी पैकेज में परिवर्तित किया जाएगा। जिनके खाते अन्य बैंकों में हैं, उन्हें SBI में वेतन खाता खुलवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि वे भी इस योजना का पूरा लाभ उठा सकें।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने UP के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को निर्देश दिए हैं कि वे इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। साथ ही SBI अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर अधिक से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों को योजना की जानकारी दें। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सभी जिलों में लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
Also Read: UP के 5100 किसानों को बड़ी सौगात की तैयारी, CM Yogi दे सकते हैं प्लॉट आवंटन पत्र

