Unnao News: अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, STF ने एक तस्कर को दबोचा

Unnao News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध शराब तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।

STF ने 28 जून 2026 को उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र के टिकरा बाव गांव के पास कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सदस्य को 2808 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत पुत्र सर्वेश, निवासी ग्राम टिकरा बाव, थाना औरास, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है।

STF के अनुसार, आरोपी के पास से 142 पेटी (कुल 2808 बोतल) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिन पर “FOR SALE IN CHANDIGARH” लिखा हुआ है।

इसके अलावा एक मोबाइल फोन और एक पिकअप वाहन (नंबर UP32 WN 6732) भी जब्त किया गया है।

STF को लंबे समय से उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार में अवैध शराब की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक STF के पर्यवेक्षण में टीम द्वारा सूचना संकलन और निगरानी की जा रही थी।

विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि एक पिकअप वाहन में चंडीगढ़ से लाई गई अंग्रेजी शराब को छिपाकर अवैध रूप से बिहार भेजा जा रहा है।

सूचना के आधार पर STF टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर टिकरा बाव गांव के पास घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने सहयोगियों अजय और विपिन के साथ मिलकर अवैध शराब का कारोबार करता है।

शराब को कन्नौज जनपद के गांव औरसौलिया से लोड किया गया था और पेटियों को छिपाने के लिए ऊपर से खरबूजे लादे गए थे।

बीच में पड़ने वाले राज्यों में पहचान से बचने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। आरोपी ने बताया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वह कम दाम पर शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना औरास, जनपद उन्नाव में मु.अ.सं. 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

STF के अनुसार, आरोपी के फरार सहयोगियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Also Read: Gorakhpur News: अवैध हथियारों की खेप के साथ 3 गिरफ्तार, STF ने अंतरराज्यीय नेटवर्क किया बेनकाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.