UP Assembly Session: आज से शुरु हो रहा यूपी विधानसभा का सत्र, 20 फरवरी को पेश होगा बजट
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी विधानसभा का बजट सत्र आज कुछ ही देर में शुरू होने वाला है। इस साल 2025 का पहला सत्र है। यह पिछले एक साल का सबसे लंबा सत्र होने वाला है, क्योंकि ये पांच मार्च तक चलेगा। इसस पहले प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से सदन की कार्यवाही शुरू होगी। वह दोनों सदन को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगी।
बता दें कि 20 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आम बजट पेश करेंगे। इस बार के बजट का आकार 8 लाख करोड़ से अधिक होने का अनुमान है। वहीं, विपक्ष द्वारा महाकुंभ हादसे समेत कई मुद्दों को उठाए जाने की रणनीति को देखते हुए दोनों सदनों में हंगामे के आसार हैं।
बताया जा रहा है कि सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे शुरू होगी। विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य विधानसभा में मौजूद रहेंगे। 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। तो वहीं मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी सहित विपक्ष प्रयागराज महाकुंभ और मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर सत्ता पक्ष को घेरने का प्रयास करेगा। वहीं सत्ता पक्ष ने भी पलटवार की पूरी रणनीति बना ली है।
दोनों ही सदनों में विपक्ष के हंगामें से निपटने के लिए सीएम योगी ने मंत्रियों के साथ सहयोगी दलों के विधायकों को पूरी तैयारी से सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने खास तौर से मिल्कीपुर की जीत और महाकुंभ से जुड़े मुद्दे उठने पर उसका सकारात्मक तरीके से जवाब देने को कहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के हर सवाल का सही जवाब देने के लिए पूरी तैयारी से सदन में आएं।

