UP Election 2027: कांग्रेस के साथ ही चुनाव लड़ेगी सपा, सीट शेयरिंग पर बनी सहमति
समाजवादी पार्टी (SP) ने UP Assembly Election 2027 की तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ गठबंधन में ही लड़ा जाएगा। दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर शुरुआती सहमति बन चुकी है और करीब 200 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की पहचान भी कर ली गई है।
सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन में सीटों का बंटवारा केवल जीत की संभावना के आधार पर होगा। जिस क्षेत्र में कांग्रेस का जनाधार मजबूत होगा, वहां सपा सीट छोड़ने को तैयार है। वहीं सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए किसी को टिकट नहीं दिया जाएगा। दावेदारों को अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन, वोट प्रतिशत और जातीय समीकरणों के आधार पर दावेदारी मजबूत साबित करनी होगी।
उम्मीदवारों की जल्द घोषणा पर फोकस
UP Assembly Election 2027: इस बार समाजवादी पार्टी ने चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा से काफी पहले उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए जाएं, ताकि उन्हें क्षेत्र में काम करने और संगठन मजबूत करने का पर्याप्त समय मिल सके।
सपा का मानना है कि अंतिम समय में टिकट वितरण से नाराजगी और अंदरूनी खींचतान बढ़ती है, जिसका असर चुनाव परिणामों पर पड़ता है। इसी वजह से पार्टी पहले से उम्मीदवार तय कर संभावित असंतोष को कम करने की कोशिश कर रही है।
पार्टी नेतृत्व प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार फीडबैक ले रहा है। जिलाध्यक्षों और स्थानीय संगठन के पदाधिकारियों से सीटवार रिपोर्ट मंगाई जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब 40 जिलों की समीक्षा हो चुकी है और लगभग 200 सीटों पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्ट तैयार कर ली गई है।
कांग्रेस को वहीं सीटें जहां मजबूत पकड़
सीट शेयरिंग को लेकर अंतिम संख्या अभी तय नहीं हुई है, लेकिन सपा ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस को उन्हीं सीटों पर मौका मिलेगा जहां उसकी स्थिति मजबूत होगी। कांग्रेस को सीटवार अपने संगठन, वोट बैंक और पिछले चुनावी प्रदर्शन का आधार भी बताना होगा।
सपा नेतृत्व का मानना है कि लोकसभा चुनाव में कुछ सीटों पर टिकट चयन और तालमेल में हुई गलतियों से नुकसान हुआ था। इसलिए विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार चयन और गठबंधन प्रबंधन को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जुलाई के पहले सप्ताह तक संभावित उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। साथ ही उम्मीदवारों की स्थानीय पकड़ और जनाधार का गोपनीय आकलन भी कराया जा रहा है।
Also Read: TMC के 19 बागी सांसदों की लिस्ट आई सामने, सूची में शत्रुघ्न सिन्हा का भी नाम

