UP News: पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: नोएडा के दादरी थाना पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद उनके पास से लूटा हुआ मोबाइल फोन और वारदातों में इस्तेमाल होने वाली चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने स्वीकार किया है कि वे कई वारदातों में शामिल थे।

अपर पुलिस उपायुक्त जोन-3 सुधीर कुमार ने बताया कि बीती रात को थाना दादरी पुलिस बैरियर लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश आते हुए दिखाई दिए।

उन्होंने बताया कि शक होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे। कुमार ने बताया कि पुलिस ने पीछा करके उन्हें घेर लिया। उन्होंने कहा कि खुद को पुलिस से घिरा हुआ देखकर बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की गोली रोजा जलालपुर गांव के निवासी करण (21) के पैर में लगी। उन्होंने बताया कि करण के दो साथी हर्ष (21) और पीयूष (19) फरार हो गए। अपर उपायुक्त ने बताया कि तलाश अभियान के दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के पास से लूटा हुआ एक मोबाइल फोन, वारदातों में इस्तेमाल होने वाली चोरी की मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।

पकड़े गये बदमाशों के कब्जे से तमंचा, कारतूस दो अवैध चाकू, लूटा हुआ मोबाइल, चोरी की मोटर साइकिल और स्पलैण्डर बरामद हुआ है। पुलिस इन बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।

Also Read: लखनऊ में जल्द खुलेगा ‘फूड वैली’, चटोरी गली की तर्ज पर मिलेगा स्वाद का नया ठिकाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.