ओमान तट पर अमेरिकी फाइटर जेट ने तेल टैंकर पर दागी मिसाइल, दहल उठे 24 भारतीय नाविक
Sandesh Wahak Digital Desk: ओमान के समंदर में अमेरिकी सेना द्वारा एक तेल टैंकर पर किए गए मिसाइल हमले के बाद का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला ऑडियो संदेश सामने आया है। इस ऑडियो में जहाज पर मौजूद एक भारतीय क्रू मेंबर की घबराहट और मौत का खौफ साफ महसूस किया जा सकता है। मिसाइल हमले के बाद एमटी मारिवेक्स नामक इस विशालकाय जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और उसमें पानी भरने लगा। जहाज के डूबने की आशंका के बीच नाविक ने रोते हुए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से तत्काल मदद की गुहार लगाई। यह पूरी घटना ईरान पर अमेरिका द्वारा लगाई गई सैन्य नाकेबंदी को तोड़ने के कथित प्रयास के बाद हुई है।
हमले के कुछ दिनों बाद सार्वजनिक हुए इस ऑडियो क्लिप में एमटी मारिवेक्स का एक नाविक बदहवास हालत में एसओएस संदेश भेजता सुनाई दे रहा है। उसने कहा, “सर, यह मोटर टैंकर मारिवेक्स है… हमारे जहाज पर हमला हुआ है और यह डूब रहा है।” घबराए हुए नाविक ने आगे कहा, अमेरिकी नौसेना का हमला हुआ है, हमारे इंजन रूम पर मिसाइल लगी है। जहाज के नीचे एक बड़ा छेद हो गया है और आग लग गई है, कृपया मदद करें। प्लीज हेल्प, प्लीज हेल्प! क्रू मेंबर ने बार-बार चिल्लाकर कहा कि जहाज पर मौजूद सभी 24 नाविक भारतीय नागरिक हैं। उसने गुहार लगाई, पूरा क्रू भारतीय है। 24 क्रू मेंबर, सभी इंडियंस हैं। कृपया जल्दी करें, हमें तुरंत मदद चाहिए।
जानिए अमेरिका ने क्यों किया मिसाइल हमला
यह हमला मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) में जारी भारी तनाव और इस साल की शुरुआत में ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद किए जाने के बाद, ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिका की सख्त सैन्य नाकेबंदी का हिस्सा है। यूएस सेंट्रल कमांड ने पुष्टि की है कि अमेरिकी बलों ने पलाउ के झंडे वाले इस टैंकर को तब निशाना बनाकर निष्क्रिय कर दिया, जब वह अमेरिकी चेतावनी को नजरअंदाज कर एक ईरानी बंदरगाह की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा था।
CENTCOM के अनुसार, अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत ‘यूएसएस अब्राहम लिंकन’ से उड़ान भरने वाले एक F/A-18 सुपर हॉर्नेट फाइटर जेट ने इस जहाज के इंजीनियरिंग और स्टीयरिंग हिस्से पर सटीक निशाना लगाते हुए मिसाइल दागी। अमेरिकी सेना का दावा है कि इस जहाज ने नाकेबंदी तोड़ने की चार बार कोशिश की थी। हालांकि, हमले के वक्त जहाज पर कोई कार्गो (माल) लोड नहीं था। मारिवेक्स (पुराना नाम अरिहंत) पर अमेरिका ने ईरान से कथित संबंधों के कारण पहले ही प्रतिबंध लगा रखा था।
भारत और ओमान ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, सभी सुरक्षित
भारतीय नाविकों की यह खौफनाक कॉल सोमवार को मुंबई स्थित भारत के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (MRCC) को मिली थी, जिसके बाद भारतीय अधिकारियों ने तुरंत ओमान के रक्षा अधिकारियों से संपर्क साधा। सूचना मिलते ही ओमान की रॉयल एयर फोर्स हरकत में आई और मसिरा द्वीप से एक रेस्क्यू हेलीकॉप्टर भेजा गया। ओमान के जांबाज सैनिकों ने समंदर के बीचों-बीच जलते हुए जहाज से सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भारतीय रक्षा मंत्रालय ने सभी नाविकों के सुरक्षित होने की पुष्टि करते हुए इसे समुद्री आपात स्थिति में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सूझबूझ का एक बेहतरीन उदाहरण बताया है।
Also Read: Jaunpur Land Dispute: भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह के आश्वासन पर माने परिजन, हुआ अंतिम संस्कार

