Jaunpur Land Dispute: भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह के आश्वासन पर माने परिजन, हुआ अंतिम संस्कार

Sandesh Wahak Digital Desk: जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में भूमि विवाद को लेकर हुए हिंसक संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग को लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया था।

हालांकि बाद में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर परिजन मान गए।

बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव निवासी 48 वर्षीय अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू का अपने पड़ोसियों दानबहादुर शर्मा और तेजबहादुर शर्मा से बगीचे की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बुधवार रात भैंस बांधने को लेकर विवाद फिर भड़क उठा, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि अजय सिंह पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

Jaunpur Land Dispute

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अजय सिंह को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाए जाने पर परिजनों ने फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर सीओ, सदर एसडीएम, सदर तहसीलदार और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।

प्रशासन ने विवादित भूमि की पैमाइश और सीमांकन कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्य शुरू कराया।

करीब चार घंटे तक शव रखे जाने के बाद भी परिजन न्याय की मांग पर अड़े रहे। इस बीच पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

उन्होंने एसपी कुंवर अनुपम सिंह और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर परिजनों की मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

पुलिस के अनुसार, घटना 10 जून की रात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।

Also Read: Bahraich: बहू का आरोप- ससुर ने तमंचे के बल पर किया रेप, फिर पति ने फोन पर दिया तलाक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.