इस्लामाबाद में आज अमेरिका और ईरान के बीच महाबैठक, सीजफायर को स्थायी बनाने पर होगी चर्चा
Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया भर की निगाहें आज पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर टिकी हैं, जहाँ अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम (सीजफायर) को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस शांति वार्ता में शामिल होने के लिए अमेरिका के उपराष्ट्रपति और ईरान का उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुँच चुका है। बैठक के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं।
संयुक्त राष्ट्र (UN) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस पहल का गर्मजोशी से स्वागत किया है। उनके प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बताया कि महासचिव ने दोनों देशों से इस कूटनीतिक अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया है। यूएन प्रमुख का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय विवादों को सुलझाने के लिए बातचीत के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि यह वार्ता तनाव को कम करने और भविष्य में होने वाले हमलों को रोकने में मददगार साबित होगी।
ईरान और अमेरिका का डेलिगेशन पहुंचा
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कलीबाफ और विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची के नेतृत्व में ईरानी दल इस्लामाबाद पहुँच गया है। शनिवार सुबह से शुरू होने वाली यह चर्चा उस दो सप्ताह के ‘सशर्त संघर्ष विराम’ का हिस्सा है, जिस पर हाल ही में सहमति बनी थी।
तनाव के बीच शांति की तलाश
भले ही अमेरिका और ईरान मेज पर आमने-सामने हों, लेकिन जमीनी हालात अब भी तनावपूर्ण हैं। बुधवार को हुए अस्थायी समझौते के बावजूद इजरायल ने लेबनान में ईरान समर्थित समूह हिज्बुल्लाह पर हमले जारी रखे हैं। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और अन्य नेताओं का साफ कहना है कि लेबनान पर हमलों का रुकना इस शांति समझौते की सबसे अहम कड़ी है।
Also Read: Shine City Scam: चमन लाल दिवाकर जैसे करोड़पति पूर्व निदेशकों पर मेहरबानी

