दिग्गज फिल्म निर्माता और सेंसर बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का 76 वर्ष की उम्र में निधन

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय सिनेमा जगत से एक बेहद दुखद खबर आ रही है। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी अब हमारे बीच नहीं रहे। 76 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। द इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इम्पा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने इस स्तब्ध करने वाली खबर की आधिकारिक पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, निहलानी पिछले काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की जानकारी मिलते ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

गोविंदा और चंकी पांडे के बने गॉडफादर

पहलाज निहलानी को फिल्म जगत में नए हुनरों को पहचानने और उन्हें स्टार बनाने के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने साल 1986 में आई फिल्म ‘इल्जाम’ के जरिए अभिनय के जादूगर गोविंदा को बॉलीवुड में पहला बड़ा ब्रेक दिया था। इसके बाद अभिनेता चंकी पांडे ने भी निहलानी की ही फिल्म ‘आग ही आग’ से मायानगरी में अपने सफर की शुरुआत की थी।

साल 1993 में आई गोविंदा और चंकी पांडे स्टारर उनकी फिल्म ‘आंखें’ बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़कर उस दशक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। इसके अलावा उन्होंने ‘हथकड़ी’, ‘शोला और शबनम’, ‘पाप की दुनिया’, ‘दिल तेरा दीवाना’ और ‘जूली 2’ जैसी कई कामयाब फिल्मों का निर्माण किया।

फिल्मों के निर्माण के साथ-साथ पहलाज निहलानी प्रशासनिक और नीतिगत भूमिकाओं में भी काफी सक्रिय रहे। उन्होंने साल 2015 से 2017 तक सेंसर बोर्ड (CBFC) के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला था। बोर्ड चीफ के रूप में उनका यह कार्यकाल अपनी सख्त सेंसरशिप नीतियों और कई फिल्मों को लेकर हुए विवादों के कारण हमेशा सुर्खियों में रहा। इसके अतिरिक्त, वे लंबे समय तक ‘एसोसिएशन ऑफ मोशन पिक्चर एंड टीवी प्रोग्राम प्रोड्यूसर्स’ के मुखिया भी रहे, जिस पद से उन्होंने साल 2009 में इस्तीफा दिया था।

Also Read: भारत-वेनेजुएला संबंधों में नया अध्याय, पीएम मोदी और कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के बीच हुई रणनीतिक वार्ता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.