Vimal Elaichi Ad: शाहरुख-अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस, 15 दिन में देना होगा जवाब
Mumbai News: ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ मुश्किल में घिर गए हैं।
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तीनों अभिनेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
विभाग को आशंका है कि ‘विमल इलायची’ का विज्ञापन राज्य में प्रतिबंधित पान मसाला उत्पाद का सरोगेट विज्ञापन हो सकता है।
FDA ने तीनों अभिनेताओं से नोटिस मिलने की तारीख से 15 दिनों के भीतर लिखित जवाब और संबंधित दस्तावेज जमा करने को कहा है।
उनके पास खुद या कानूनी प्रतिनिधि के जरिए व्यक्तिगत सुनवाई की मांग करने का विकल्प भी है।
नोटिस में एक्टर्स से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि ‘विमल इलायची’ अलग और वास्तविक उत्पाद है या इसका विज्ञापन प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू उत्पादों के प्रचार का माध्यम है।
मांगी गई विज्ञापन और कॉन्ट्रैक्ट की जानकारी
FDA ने शाहरुख, अजय और टाइगर से विज्ञापन से जुड़ी कई जानकारियां मांगी हैं।
इनमें टीवी चैनल, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर विज्ञापन के प्रसारण की अवधि, ब्रांड के साथ हुआ कमर्शियल या लीगल एग्रीमेंट, एंडोर्समेंट कॉन्ट्रैक्ट, कैंपेन की जानकारी और भुगतान से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।

विभाग ने यह भी पूछा है कि विज्ञापन से जुड़ने से पहले अभिनेताओं या उनकी टीम ने प्रोडक्ट और उसके दावों की क्या जांच की थी।
जवाब नहीं दिया तो क्या होगा?
FDA ने Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा 24 और 53 का हवाला दिया है। विभाग के मुताबिक, भ्रामक विज्ञापन के मामले में 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। नियमों के तहत आगे कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
FDA ने तीनों अभिनेताओं को इस विज्ञापन के प्रसारण, प्रकाशन या प्रचार में आगे किसी तरह का सहयोग नहीं करने की सलाह दी है।
विभाग का कहना है कि ‘विमल’ ब्रांड की पहचान पान मसाला उत्पादों से जुड़ी रही है और महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला तथा तंबाकू उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
अब इस मामले में तीनों अभिनेताओं के जवाब के बाद FDA आगे की कार्रवाई तय करेगा।

