IPL में कमाई के सिकंदर बने विराट कोहली, टॉप-3 में रोहित और धोनी, जानिए किसने कितने करोड़ कमाए
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल (IPL) अब सिर्फ चौके-छक्कों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह खिलाड़ियों के लिए कमाई का सबसे बड़ा मंच बन चुका है।
‘फनेटिक स्पोर्ट्स और हुरुन’ की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी विराट कोहली बन गए हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ लंबे समय से जुड़े विराट कोहली ने आईपीएल से अब तक करीब 230 करोड़ रुपये की कमाई की है और इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर
कमाई की इस रेस में रोहित शर्मा भी पीछे नहीं हैं। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने आईपीएल से अब तक 227.2 करोड़ रुपये कमाए हैं।
विराट और रोहित के बीच महज 3 करोड़ रुपये का अंतर रह गया है।

धोनी टॉप-3 में कायम
तीसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज कप्तान एमएस धोनी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, धोनी की आईपीएल से कुल कमाई करीब 200 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन तीनों खिलाड़ियों ने मैदान के साथ-साथ कमाई के मोर्चे पर भी अपना दबदबा बनाए रखा है।
IPL टीमों की वैल्यू में जबरदस्त उछाल
रिपोर्ट में आईपीएल फ्रेंचाइजियों की कीमत को लेकर भी बड़ा खुलासा हुआ है। बताया गया है कि आईपीएल की 10 टीमों की कुल वैल्यू अब 1.63 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
इस सूची में शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स करीब 19,200 करोड़ रुपये की वैल्यू के साथ सबसे आगे है।
इसके बाद मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स लगभग 18,400 करोड़ रुपये की वैल्यू के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले वर्षों में आईपीएल टीमों की कीमत और तेजी से बढ़ सकती है। अनुमान है कि 2032 तक एक टीम की औसत वैल्यू 15 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है।

