Bareilly News: पुलिस मुठभेड़ में दुष्कर्म का वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से घायल
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट के मामले में वांछित चल रहा शातिर आरोपी जुबैर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है। थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को ग्राम शिवपुरी जंगल नहर कोठी के पास दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग में वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि शनिवार (11 जुलाई 2026) को पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के मुताबिक, वह दवा लेने जा रही थी, तभी रास्ते में उसकी पूर्व पहचान का आरोपी जुबैर (45 वर्ष, निवासी मलपुर, भुता) मिला। आरोपी ने डॉक्टर के पास छोड़ने का बहाना बनाकर महिला को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। इसके बाद वह उसे किसी अज्ञात सुनसान स्थान पर ले गया, जहाँ एक बंद कमरे में उसने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
महिला की तहरीर पर फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 351(3) और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सफलता मिली। मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने 1 अवैध तमंचा (315 बोर), 1 खोखा, 1 जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, 37,690 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी जुबैर उर्फ जुवैद के खिलाफ दुष्कर्म के अलावा पुलिस पर हमला करने और आर्म्स एक्ट के तहत एक और नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व फतेहगंज पूर्वी के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीव कुमार और उपनिरीक्षक इंद्रपाल सिंह व जितेंद्र सिंह की टीम ने किया। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: आगरा कैंट स्टेशन पर भिड़े डिप्टी एसएस और आरपीएफ जवान, प्लेटफॉर्म पर मारपीट का वीडियो वायरल

