गर्मियों में सनस्क्रीन क्यों है जरूरी? जानें स्किन को होने वाले नुकसान

Sandesh Wahak Digital Desk: गर्मियों के मौसम में बढ़ता तापमान और तेज धूप हमारी त्वचा पर सीधा असर डालते हैं। ऐसे में सनस्क्रीन (Sunscreen) का इस्तेमाल बेहद जरूरी हो जाता है, क्योंकि यह स्किन को सूरज की हानिकारक UV किरणों से बचाने में मदद करता है। अब केवल बाहर जाने वालों के लिए ही नहीं, बल्कि घर के अंदर रहने वालों के लिए भी सनस्क्रीन जरूरी माना जाता है, क्योंकि UV किरणें खिड़कियों और स्क्रीन के जरिए भी त्वचा तक पहुंच सकती हैं।

किन लोगों के लिए ज्यादा जरूरी है सनस्क्रीन?

बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और सेंसिटिव त्वचा वाले लोगों को नियमित रूप से सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके अलावा, जो लोग लंबे समय तक धूप में रहते हैं या जिनकी त्वचा जल्दी टैन हो जाती है, उनके लिए यह और भी जरूरी हो जाता है। सही समय पर और सही तरीके से सनस्क्रीन लगाने से त्वचा को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखा जा सकता है।

मैक्स हॉस्पिटल की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. सौम्या सचदेवा के अनुसार, सनस्क्रीन का इस्तेमाल न करने से त्वचा पर टैनिंग, जलन और लालपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक धूप के संपर्क में रहने से त्वचा समय से पहले बूढ़ी दिखने लगती है, जिसमें झुर्रियां और फाइन लाइन्स नजर आने लगती हैं। इसके अलावा, दाग-धब्बे और पिग्मेंटेशन की समस्या भी बढ़ सकती है, जिससे चेहरा असमान दिखाई देने लगता है। लगातार लापरवाही करने से त्वचा रूखी और बेजान हो सकती है और गंभीर समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

कब और कैसे लगाएं सनस्क्रीन?

सनस्क्रीन को घर से बाहर निकलने से 15 से 20 मिनट पहले लगाना चाहिए, ताकि यह त्वचा में अच्छी तरह सेट हो सके। अगर आप लंबे समय तक धूप में रहते हैं, तो हर 2 से 3 घंटे में इसे दोबारा लगाना जरूरी होता है। सही तरीके से सनस्क्रीन लगाने से इसका असर बेहतर तरीके से मिलता है और त्वचा को पूरी सुरक्षा मिलती है।

सनस्क्रीन चुनते समय SPF 30 या उससे ज्यादा वाला प्रोडक्ट लेना बेहतर माना जाता है। त्वचा के प्रकार के अनुसार सनस्क्रीन का चयन करना जरूरी है, जैसे ऑयली त्वचा वालों के लिए जेल-बेस्ड और ड्राई त्वचा वालों के लिए क्रीम-बेस्ड सनस्क्रीन बेहतर होती है। पसीने के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के लिए वाटर-रेसिस्टेंट सनस्क्रीन का उपयोग भी फायदेमंद होता है।

इन बातों का भी रखें ध्यान

सनस्क्रीन लगाने के साथ-साथ कुछ और सावधानियां अपनाना भी जरूरी है। धूप में निकलते समय चेहरे को ढकने के लिए टोपी, स्कार्फ या सनग्लासेस का इस्तेमाल करना चाहिए और दोपहर के समय, जब धूप सबसे तेज होती है, बाहर निकलने से बचना चाहिए। इसके साथ ही शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त पानी पीना और हल्के, ढीले कपड़े पहनना भी जरूरी है। सनस्क्रीन को सिर्फ चेहरे तक सीमित न रखकर गर्दन, हाथ और पैरों पर भी लगाना चाहिए, ताकि पूरी त्वचा सुरक्षित रह सके।

 

Also Read: भारतीय सेना की बड़ी उपलब्धि, JCB से 93 टेलीस्कोपिक हैंडलर्स का सौदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.