Siddharthnagar News: कूड़ा-घोघी तटबंध पर कटाव रोकने का काम तेज, डीएम ने औचक निरीक्षण कर परखी गुणवत्ता
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में बाढ़ की विभीषिका से ग्रामीणों को बचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने विकास खंड लोटन परिक्षेत्र के अंतर्गत कूड़ा नदी के बाएं तट पर स्थित कूड़ा-घोघी तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम इमिलिया (किमी 14.940 से 15.190) और ग्राम देवपुर मस्जिदिया (किमी 20.040 से 20.290) के पास चल रहे कटाव निरोधक कार्यों की जमीनी हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान मौके पर लांचिंग एप्रन और स्टेपस्लोप पिचिंग का कार्य तेजी से होता हुआ पाया गया।

30 जून तक काम पूरा करने का अल्टीमेटम
अधिशासी अभियंता (ड्रेनेज खंड) कृपाशंकर भारती ने जिलाधिकारी को तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना में 250 मीटर की एज क्रेटिंग, स्टेप स्लोप पिचिंग, स्लोप पिचिंग और तीन कतारों में परक्यूपाईन लगाने का काम प्रस्तावित है। यह कार्य 31 मार्च 2026 को शुरू हुआ था और इसे आगामी 30 जून, 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मौके पर कार्य की गुणवत्ता मानक के अनुरूप संतोषजनक मिलने पर डीएम ने संतोष जताया। हालांकि, उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी कार्यों को हर हाल में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि बाढ़ के समय किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
रिपोर्ट- जाकिर खान

